श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को पहले टेस्ट मैच में 63 रनों से हरा दिया है। श्रीलंका के लिए बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या इस मैच में स्टार बनकर उभरे जिन्होंने दूसरे पारी में पांच विकेट लिए और मेजबान टीम को रोमांचक जीत दिलाई। न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने जूझारू पारी खेली और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन प्रभात ने उन्हें आउट कर न्यूजीलैंड की आखिरी उम्मीद भी तोड़ दी।
पहली पारी में बढ़त के बावजूद न्यूजीलैंड ने गंवाया मैच
श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के सामने 275 रनों का लक्ष्य रखा था। रविवार को चौथे दिन के खेल की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ने आठ विकेट पर 207 रन बना लिए थे और मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था। कीवी टीम को पहले टेस्ट के अंतिम दिन सोमवार को जीत दर्ज करने के लिए 68 रन बनाने थे, जबकि श्रीलंकाई टीम को दो विकेट चटकाने की जरूरत थी। हालांकि, न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य प्राप्त नहीं कर सकी और उसकी दूसरी पारी 211 रनों पर सिमट गई। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में 35 रनों की बढ़त हासिल की थी, इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।
रचिन की कोशिश गई बेकार
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की ओर से सिर्फ रचिन ही श्रीलंकाई गेंदबाजों का डटकर सामना कर सके। रचिन ने सोमवार को 91 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई, लेकिन वह सिर्फ एक ही रन और बना सके। रचिन को प्रभात ने एलबीडब्ल्यू आउट किया और न्यूजीलैंड की आखिरी उम्मीद तोड़ दी। रचिन ने 168 गेंदों पर 92 रनों की अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। रचिन के पास इस मैदान पर शतक जड़ने वाला पहला कीवी बल्लेबाज बनने का मौका था, लेकिन प्रभात ने उनकी शानदार पारी का अंत किया। रचिन ना सिर्फ शतक से चूके, बल्कि अपनी टीम को रोमांचक जीत भी नहीं दिला सके। रचिन के आउट होने के बाद प्रभात ने विलियम ओरुउर्के को खाता खोले बिना आउट कर टीम को जीत दिलाई और टेस्ट मैच की एक पारी में पांच विकेट भी पूरे कर लिए।
श्रीलंका डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंचा
हाल ही में इंग्लैंड को उसकी जमीन पर टेस्ट मैच में हराने वाली श्रीलंकाई टीम ने इस लय को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर भी बरकरार रखा। श्रीलंका ने इसके साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर जगह बना ली है। इस मैच को जीतने के बाद श्रीलंका के मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में आठ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ 48 अंक हो गए हैं और उसकी पीसीटी 50.00 है। वहीं, न्यूजीलैंड को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह चौथे स्थान पर खिसक गई है। डब्ल्यूटीसी के उद्घाटन सत्र की चैंपियन न्यूजीलैंड के सात मैचों में तीन जीत और चार हार से 36 अंक हैं और उसकी पीसीटी 42.86 है। भारत और ऑस्ट्रेलिया फिलहाल तालिका में शीर्ष दो स्थान पर काबिज हैं। मालूम हो कि अंक तालिका में शीर्ष दो पर रहने वाली टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं।