आईपीएल-6 फिक्सिंग मामले में ग्रेटर नोएडा से दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े बाउंसर और बुकी भूपेंद्र नागर ने पुलिस के सामने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।
भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि 12 मई को रांची में खेले गए केकेआर और आरसीबी के मैच में कोलकाता की जीत का अजीत चंदीला ने आश्वासन दिया था। इसके लिए उसने बुकीज से 30 लाख रुपये लेने की बात की थी। शुरुआत में हालत खराब होने के बाद भी केकेआर ने यह मैच जीता था। इसके बावजूद बुकीज ने चंदीला को दो लाख रुपये ही दिए।
पुलिस इसकी जांच कर रही है कि पूरा मैच फिक्स था या नहीं। हालांकि, चंदीला ने मैच फिक्स होने की बात से इंकार किया है। उसका कहना है कि उसने अनुभव के आधार पर केकेआर की जीत का आश्वासन दिया था।
स्पेशल सेल के सीपी एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि भूपेंद्र नागर नेहरू प्लेस के होटल जुनिस्स का सिक्योरिटी मैनेजर (बाउंसर) था। अजीत चंदीला अक्सर उस होटल में में आता-जाता था। यहां उसकी मुलाकात भूपेंद्र से हुई।
भूपेंद्र ने अपने दोस्त विक्की को अजीत के बारे में बताया। विक्की बिलेनियर रेस्टोरेंट व पार्क होटल के अग्नि रेस्टोरेंट में बाउंसर था। विक्की ने ही भूपेंद्र से 4 मई को चंदीला के साथ फिक्सिंग मामले में मीटिंग के लिए कहा था। उस समय चंदीला बंगलूरू में था। 6 मई को भूपेंद्र, विक्की और दो अन्य बुकीज बसंत कुंज इलाके के रेस्टोरेंट बिलेनियर में मिले। यहां विक्की ने चंदीला से कहा कि वह उन लोगों को फिक्सिंग मामले में कुछ और क्रिकेटरों से भी मिलवाए।
बाद में भूपेंद्र, विक्की और दो अन्य बुकीज की जयपुर के एक मॉल में चंदीला से मुलाकात हुई। वहां 12 मई को केकेआर और आरसीबी के बीच खेले जाने वाले मैच के बारे में बात हुई। यहां कोलकाता की जीत का आश्वासन देकर चंदीला ने 30 लाख रुपये मांगे। दो लाख रुपये उसे दिए गए। मैच वाले दिन शुरू में केकेआर की हालत खराब हो गई जिस कारण बुकीज को काफी नुकसान हुआ।
बुकीज ने 30 लाख रुपये पूरे न देकर चंदीला को पांच लाख रुपये और दिए, जो चंदीला तक नहीं पहुंचे। 2.15 लाख रुपये भूपेंद्र ने रख लिये, जबकि 2.85 लाख विक्की खा गया। फिलहाल पुलिस विक्की की तलाश कर रही है।
चेन्नई के होटल मालिक को सम्मन जारी
आईपीएल फिक्सिंग मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए तमिलनाडु पुलिस की अपराध शाखा, सीआईडी ने मंगलवार को होटल मालिक विक्रम अग्रवाल को समन जारी किया है। समन में उसे 30 मई को पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि फिक्सिंग में विक्रम की भूमिका पर पुलिस ने ज्यादा प्रकाश नहीं डाला। उसका कहना है कि पूछताछ के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।
खबरों में कहा जा रहा है कि अग्रवाल कथित रूप से चेन्नई में आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का सरगना है और वह गुरुनाथ मैयप्पन व अभिनेता विंदू रंधावा के बीच अहम कड़ी है। अपराध शाखा के डीएसपी राजाश्रीनिवासन ने यह भी साफ किया कि पुलिस अग्रवाल को केवल पूछताछ के लिए बुला रही है उसे गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। दूसरी ओर मुंबई पुलिस भी रेडिसन ब्लू होटल के मालिक विक्रम अग्रवाल को सम्मन जारी कर सकती है।