मुंबई इंडियंस के आईपीएल चैंपियन बनने के बाद इस टी-20 लीग को अलविदा कहने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के लिए छह का अंक बेहद भाग्यशाली रहा।
मुंबई इंडियंस ने रविवार रात चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन के लिए यह दिलचस्प संयोग रहा कि उन्होंने वन-डे वर्ल्ड कप जीतने का सपना अपने छठे वर्ल्ड कप में जाकर पूरा किया था और अब आईपीएल जीतने का सपना भी उन्होंने टूर्नामेंट के छठे संस्करण में जाकर पूरा किया।
सचिन के आईपीएल जीतने का सपना पूरा होने में छह अंक का पूरा योगदान रहा। मुंबई ने जिस दिन आईपीएल-6 का खिताब जीता उस दिन तारीख 26 मई 2013 थी यानी 26 मई में आखिरी अंक छह रहा और वर्ष 2013 का दो, शून्य, एक और तीन का कुल योग भी छह रहा।
सचिन ने अपना आखिरी आईपीएल मैच गत 13 मई को खेला था। तब वह 38 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए थे लेकिन टूर्नामेंट में उनका आखिरी शाट छक्का यानी ‘छह’ रन था।