श्रीलंका बनाम वेस्टइंडीज पहला टेस्ट
- फोटो : सोशल मीडिया
रमेश मेंडिस (4/17) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से श्रीलंका ने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के 52 रन पर छह विकेट चटकाकर जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। मेजबान टीम जीत से चार विकेट दूर है। मेहमान टीम अभी 296 रन पीछे है और उसके चार विकेट शेष हैं। स्टंप के समय नक्रुमाह बोनेर 18 और जोशुआ डिसिल्वा 15 रन बनाकर क्रीज पर थे।
यह दोनों छठे विकेट के लिए 34 रन की नाबाद साझेदारी कर चुके हैं। वेस्टइंडीज की टीम ने जीत के लिए मिले 348 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 18 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बोनेर और डिसिल्वा ने मोर्चा संभाला और टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया। लसिथ ने दो विकेट झटके। इससे पहले श्रीलंका ने कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (83) और एंजेलो मैथ्यूज (69*) की अर्द्धशतकीय पारियों से अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 191 रन पर घोषित कर दी।
श्रीलंका के पहली पारी के 386 रन के जवाब में वेस्टइंडीज ने 230 रन बनाए थे। चौथे दिन कुल 11 विकेट गिरे जिसमें से सात विंडीज के थे। पांचवें दिन विंडीज को कोई करिश्मा ही हार से बचा सकता है। इसके बाद दोनों टीमों के बीत 29 नवंबर से गॉल में ही दूसरा टेस्ट भी खेला जाएगा।