भारतीय महिला टीम की छह खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी20 लीग महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) का हिस्सा होंगे। ये सभी भारतीय क्रिकेट अलग-अलग टीम द्वारा चुने जाने के बाद इस लीग में खेलती हुई नजर आएंगी। डब्ल्यूबीबीएल 27 अक्टूबर को एडिलेड में एडिलेड स्ट्राइकर्स और ब्रिसबेन हीट के बीच मैच के साथ शुरू होगा। इस टूर्नामेंट के लिए एडिलेड स्ट्राइकर्स ने भारतीय टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना के साथ अनुबंध किया है।
मंधाना के अलावा दयालन हेमलता पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम से जुड़ेंगी। शीर्ष क्रम की यह बल्लेबाज पहली बार इस लीग का हिस्सा बनेंगी। विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया भी डब्ल्यूबीबीएल में पदार्पण करेंगी। वह मेलबर्न स्टार्स टीम के साथ जुड़ेंगी। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भी इस टीम का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाजी के साथ बल्ले से योगदान देने के लिए जानी जाने वाली शिखा पांडे को ब्रिसबेन हीट ने चुना है। वह पूरे सत्र के लिए उपलब्ध रहेंगी क्योंकि वह भारत की टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं हैं। वह ब्रिसबेन हीट की टीम में जेमिमा रोड्रिग्स के साथ शामिल हुईं हैं।