कैच लपकने दौड़े दो क्षेत्ररक्षक शायद एक-दूसरे को देख नहीं सके और आपस में बुरी तरह से टकरा गए। यह भिड़ंत इतनी खतरनाक थी कि एक को अस्पताल भेजना पड़ा।
जब से फटाफट क्रिकेट यानी टी-20 आया है खेल में निखार तो खूब दिख रहा है। हर टीम ने खेल के तीनों अहम विभाग बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में तरक्की की है, लेकिन बावजूद इसके मैच के दौरान खिलाड़ियों के चोटिल होने की संख्या भी बढ़ी है। खासकर क्षेत्ररक्षण के दौरान आपस में भिड़ने की घटनाएं। टी-20 खेल इतना तेज हो गया है कि युवा खिलाड़ी मैदान पर अपनी ही टीम के खिलाड़ियों पर नजर नहीं रख पा रहे कि कौन कहां है और कैच लपकने के लिए कौन-कौन प्रयास कर रहा है?
लापरवाही की ऐसे ही एक घटना हुई कैरेबियाई प्रीमियर लीग में जहां बारबाडोस ट्राइडेंटस और सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियॉट्स के बीच मुकाबले के दौरान कैच के लिए दौड़े 2 क्षेत्ररक्षक आपस में बुरी तरह से टकरा गए। बारबाडोस के बल्लेबाज एबी डीविलियर्स ने काउ कॉर्नर की दिशा में हवाई शॉट खेला जिसे लपकने के लिए काइरेन पावेल और जेजे स्मटस दौड़ पड़े और आपस में टकरा गए।
तस्वीर में दिख रहा है कि बल्लेबाज डीविलियर्स बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि पीछे एंबुलेंस एक घायल खिलाड़ी को अस्पताल ले जा रही है।