मैच से पहले कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि आईसीसी सेमीफाइनल के लिए इस्तेमाल की गई पिच से नाखुश था। हालांकि, बीसीसीआई और आईसीसी दोनों ने इस मामले पर स्पष्टीकरण जारी किया, जिसमें कहा गया कि किसी भी विवाद का कोई कारण नहीं था। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बारे में पूछे जाने पर गिल ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया- मुझे अभी पता चला कि पिच को लेकर विवाद था। आपने मुझे बताया। विवाद क्या था?
भारत के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम उस वक्त मजबूत स्थिति में थी। डेरिल मिशेल (134) और केन विलियमसन (69) के बीच 181 रन की साझेदारी हुई। गिल ने स्वीकार किया कि भारत को पता था कि अंडर लाइट्स गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि मुकाबले में बढ़त हासिल करने से वह कुछ ही विकेट दूर थे। टीम को पता था कि एक विकेट गिरते ही कीवी टीम लुढ़क जाएगी।
शुभमन ने कहा- ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि हमें पता था कि यह चुनौतीपूर्ण होने वाला है, खासकर अंडर लाइट्स में। एक बार जब नई गेंद थोड़ी पुरानी हो जाती है, तो यहां गेंदबाजों के लिए रनों को रोकना थोड़ा मुश्किल होता है। इसलिए, हम जानते थे कि यह चुनौतीपूर्ण होने जा रहा है, लेकिन हमारे लिए महत्वपूर्ण यह था कि हम उन क्षेत्रों में गेंदबाजी करते रहें जहां हम गेंदबाजी करना चाहते थे और उनके गलती करने का इंतजार करना चाहते थे और यही हमने किया। मुझे लगता है कि डेरिल और केन ने जो साझेदारी की थी, वह इतने बड़े स्कोर के साथ थोड़ी चुनौतीपूर्ण लग रही थी। हालांकि, हम जानते हैं कि कुछ विकेट मिलने से आप हमेशा मैच में बने रहते हो।
मिचेल-विलियम्सन की साझेदारी टूटने के बाद भारत ने शिकंजा कसा और 70 रनों के अंतर से मैच जीत लिया। अंडर-19 क्रिकेट से सीनियर स्तर तक के सफर पर गिल ने कहा- आगे देखने के लिए बहुत सी चीजें हैं। गिल 2018 में भारत की अंडर19 विश्व कप में जीत के सितारों में से एक थे। अपने ट्रांसफॉर्मेशन पर शुभमन ने कहा- आगे देखने के लिए काफी चीजें हैं। अभी हमें फाइनल खेलना है। इसके बाद हमें कुछ अन्य महत्वपूर्ण सीरीज खेलनी हैं, लेकिन उन पर अभी हमारा कम ध्यान है। अगर आप हमेशा आगे देखने के लिए कुछ करने की तलाश में रहते हैं, तो यह आपको जमीन से जुड़े रहने में मदद करता है। गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत में 66 गेंदों पर 80* रन का योगदान दिया, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे।