टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान की टीम की भारत के हाथों हार ने कप्तान शाहिद अफरीदी की कुर्सी खतरे में डाल दी है। पहले ही मीडिया में भारत में पाकिस्तान से ज्यादा प्यार मिलने की बात कहकर आलोचनाएं झेल रहे उनके लिए मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं।
नौबत यह आ गई है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) टी-20 विश्व कप के दौरान ही उन्हें कप्तानी से हटाने की योजना पर भी विचार कर रहा है। चाहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में टीम का प्रदर्शन जैसा भी हो।
पीसीबी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि अफरीदी की कप्तानी और उनके प्रदर्शन को लेकर बोर्ड में अंसतुष्टि पैदा हो गई है। यदि वह मौजूदा टी-20 विश्व कप के बाद संन्यास नहीं लेते हैं तो उन्हें कप्तानी से तो हटा ही दिया जाएगा। एक खिलाड़ी के तौर पर भी उनके दिन अब लद गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि मीडिया में अपने बयान को लेकर पहले ही बोर्ड अफरीदी से खफा था और अब उसका मानना है कि अगले कप्तान के बारे में सोचना होगा। एशिया कप में भी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था और इस संबंध में पीसीबी ने जो जांच समिति गठित की थी उसकी तीन बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन के प्रदर्शन पर नाखुशी जताई गई है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि पीसीबी के चेयरमैन शहरयार खान ने इस तरह के संकेत दिए हैं कि मौजूदा चयन समिति को टी-20 विश्व कप के बाद हटा दिया जाएगा। अन्य सूत्र का कहना है कि यदि पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल और यहां तक कि खिताब भी जीतने में सफल रही तब भी हारून रशीद की अगुआई में बनी चयन समिति के सदस्यों का हटना तय है।
एशिया कप में टीम के खराब प्रदर्शन की जांच कर रही जांच समिति ने मुख्य चयनकर्ता हारून रशीद के अलावा अन्य सदस्यों सलीम जाफर, अजहर खान और कबीर खान से अलग-अलग बात की है। कई सदस्यों का कहना है कि मुख्य चयनकर्ता उन्हें कई अहम फैसलों को लेकर उन्हें विश्वास में नहीं लेते।
पीसीबी मौजूदा कोच वकार यूनुस का भी अनुबंध बढ़ाने के हक में नहीं है जोकि गर्मियों में इंग्लैंड दौरे से पहले खत्म हो रहा है। पहले चर्चा थी कि कम से कम इंग्लैंड दौरे तक उन्हें पद पर रखा जा सकता है लेकिन अब किसी विदेशी या पूर्व क्रिकेटर को दायित्व सौंपा जा सकता है। पूर्व क्रिकेटरों में आकिब जावेद का नाम सबसे ऊपर है जोकि पहले सीनियर टीम के गेंदबाजी कोच रहे हैं और अब अंडर-19 टीम से जुड़े हैं।
दूसरी ओर, पीसीबी के चेयरमैन शहरयार खान ने कहा है कि अफरीदी को टी-20 विश्व कप के बाद कप्तानी से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड और अफरीदी के बीच इस बात की सहमति पहले ही बन चुकी है कि वह टी-20 विश्व कप के बाद संन्यास ले लेंगे। शहरयार ने कहा कि वह विश्व कप तक कप्तान हैं और उन्होंने पहले ही कह दिया है कि वह विश्व कप के बाद संन्यास ले लेंगे लेकिन अगर वह संन्यास को लेकर अपना इरादा बदलते भी हैं तो भी हमें यह देखना होगा कि वह बतौर खिलाड़ी टीम में जगह बना पाते हैं कि नहीं।