पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद को रविवार को आईसीसी ने चार मैच के लिए निलंबित कर दिया है। अहमद पर दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर एंडिल फेहलुकवायो के लिए नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप है। आईसीसी ने यह जानकारी पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुरू हुए चौथे वन-डे मैच के बाद दी। बता दें कि चौथे वन-डे में सरफराज को शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह शोएब मलिक टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
सरफराज के निलंबन की जानकारी देते हुए आईसीसी ने ट्वीट किया, 'आईसीसी के ऐंटी रेसिजम कोड को तोड़ने के लिए पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद को 4 मैचों के लिए निलंबित किया जाता है।'
याद हो कि पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे वन-डे के दौरान सरफराज ने फेहलुकवायो के लिए एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसे नस्लीय करार दिया गया है। सरफराज ने प्रोटियाज पारी के 37वें ओवर में यह टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी थी।
मामला बढ़ता देख सरफराज ने पहले लंबा माफीनामा जारी किया और इसमें उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी किसी विशेष के लिए नहीं की गई थी। इसके बाद उन्होंने फेहलुकवायो से मुलाकात करके उनसे माफी भी मांगी। इसके बाद सरफराज ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा था, 'मैंने फेहलुकवायो से माफी मांगी और उन्होंने मेरी माफी स्वीकार कर ली। उम्मीद करता हूं कि दक्षिण अफ्रीका के लोग भी मेरी माफी स्वीकार कर लेंगे।'
सरफराज ने फेहलुकवायो को विकेट के पीछे से कहा, 'अबे काले, तेरी अम्मी आज कहां बैठी हैं। क्या पढ़वा के आया है आज।' इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और विवाद बढ़ने के बाद सरफराज ने विरोधी टीम के क्रिकेटर से माफी मांगने का फैसला किया।