आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ क्वालीफायर-2 मैच हारकर बाहर हो गई। इस मैच में रविचंद्रन अश्विन ने आखिरी ओवर फेंका, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। आखिरी ओवर में केकेआर को जीत के लिए सात रन चाहिए थे। इसमें भी अश्विन ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पहले तीन गेंदों पर दो विकेट झटके। हालांकि, राहुल त्रिपाठी ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर केकेआर टीम को जीत दिला दी।
अब भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने अश्विन पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि पिछले कुछ सालों में अश्विन का टी-20 में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। वह कभी अश्विन को विश्व कप के लिए अपनी टीम में नहीं रखते। मांजरेकर ने कहा- हमने अश्विन को लेकर काफी बातें कर ली हैं। अश्विन एक टी-20 गेंदबाज के रूप में किसी भी टीम में सही नहीं बैठते।
उन्होंने कहा- अगर आप चाहते हैं कि अश्विन अपनी गेंदबाजी में बदलाव करें, तो ऐसा हो नहीं सकता। वह पिछले पांच-सात साल से इसी तरह गेंदबाजी कर रहे हैं। मैं टेस्ट क्रिकेट में समझ सकता हूं कि अश्विन की गेंदबाजी अच्छी है। इंग्लैंड में उनको एक भी टेस्ट में खेलने का मौका नहीं देना गलत था, लेकिन टी-20 में वह फिट नहीं बैठते।
मांजरेकर ने कहा कि अगर पिच में टर्न है, तो वह अपनी टीम में किसी ऐसे स्पिनर को मौका देना चाहेंगे, जो विकेट निकालकर दे। वह कभी ऐसा गेंदबाज नहीं चाहेंगे, जो सिर्फ रन रोकने में कामयाब हो। अश्विन ने पिछले पांच-सात साल में आईपीएल और टी-20 क्रिकेट में एक जैसी ही गेंदबाजी की है।
मांजरेकर ने कहा- अगर पिच टर्न हो रही है तो मैं वरुण चक्रवर्ती या सुनील नरेन या युजवेंद्र चहल जैसे गेंदबाजों को खिलाना चाहूंगा। वह अश्विन से बेहतर विकेट निकाल के दे सकते हैं। अश्विन अब टी-20 क्रिकेट में विकेटटेकर नहीं रह गए हैं। मुझे नहीं लगता कि फ्रेंचाइजी अश्विन को टीम में बस इसलिए चाहती हैं कि वह रन रोक सकें।