भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण में अच्छा प्रदर्शन करते हुए ग्रुप ए में शीर्ष पर रहकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई किया। भारत ने ग्रुप चरण में तीन मैच खेले, जबकि उसका एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया है। इन मैचों में भारतीय गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन टीम को रवींद्र जडेजा का कम इस्तेमाल करने पर आलोचना का भी सामना करना पड़ा। जडेजा ने तीन मैचों में सिर्फ तीन ओवर गेंदबाजी की और अक्षर पटेल को जडेजा पर तरजीह दी गई। हालांकि, पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय बांगड़ ने कप्तान रोहित शर्मा के फैसले का समर्थन किया है।
'रोहित ने अमेरिका की पिच पर अक्षर का सही उपयोग किया'
संजय बांगड़ ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा कि रोहित ने अपने खिलाड़ियों का अच्छी तरह प्रयोग किया और न्यूयॉर्क की असमान पिचों पर रोहित ने अक्षर का सही उपयोग किया। उन्होंने कहा, थोड़ी बाउंस लेती पिच पर जडेजा का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया और अक्षर को मौका दिया गया। यह ऐसा सवाल से जिसे लेकर कई लोगों ने रुचि दिखाई है। अगर पिच पर अतिरिक्त उछाल है तो अक्षर का पलड़ा भारी रहेगा। इसके लिए आपको रोहित शर्मा को श्रेय देना होगा क्योंकि वह किसी भी तरह के दबाव में नहीं आए। वह उन गेंदबाजों के साथ गए जो उन परिस्थियों पर ज्यादा प्रभावी है।
'कुलदीप का टीम में होना फायदेमंद रहेगा'
कुलदीप यादव के प्लेइंग-11 से बाहर होने पर बांगड़ ने कहा कि भारत वेस्टइंडीज टीम के संयोजन पर भरोसा कर रहा है। बांगड़ का मानना है कि कलाई के स्पिनर के एकादश में होने से वेस्टइंडीज की धीमी पिच पर भारत को फायदा पहुंचेगा। बांगड़ ने कहा, मुझे लगता है कि भारत का अभियान सही चल रहा है और हमें उम्मीद करनी चाहिए कि इन परिस्थितियों में कलाई का स्पिनर प्रभावी रहेगा। आप वेस्टइंडीज टीम को देखें जिन्हें इन परिस्थितियों के बारे में किसी अन्य टीम की तुलना में ज्यादा जानकारी है क्योंकि टीम यहां काफी क्रिकेट खेलती है। वेस्टइंडीज की टीम इन परिस्थितियों में अकील हुसैन और गुडाकेश मोती का इस्तेमाल कर रही है।
अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर आठ का पहला मैच खेलेगा भारत
भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 20 जून को सुपर आठ का अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इसके बाद टीम 22 जून को बांग्लादेश और 24 जून को ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी।