भारतीय टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा ने नए कोच राहुल द्रविड़ की तारीफ की है। द्रविड़ बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नए हेड कोच बनाए गए। वे रवि शास्त्री की जगह लेंगे। शास्त्री का कार्यकाल टी-20 विश्व कप के बाद समाप्त हो रहा है। विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड सीरीज से द्रविड़ टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे।
रोहित ने कहा कि जिस वक्त इसका एलान हुआ, उस वक्त हमें पता नहीं चल सका था, क्योंकि हम अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खेल रहे थे। द्रविड़ किसी ने किसी तरह से टीम इंडिया में योगदान देते रहे हैं। अब एक नए रोल के लिए मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूं। टीम उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित और तैयार है। द्रविड़ टीम इंडिया के स्टार रहे हैं। उनके साथ काम कर मजा आएगा। रोहित ने यह बात अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।
द्रविड़ का कार्यकाल दो साल का होगा। इससे पहले वह बेंगलुरु में मौजूद नेशनल क्रिकेट अकेडमी के डायरेक्टर थे। द्रविड़ 2023 वनडे विश्व कप तक टीम इंडिया के कोच रहेंगे। टी-20 विश्व कप के बाद 17 नवंबर से शुरू हो रही न्यूजीलैंड सीरीज से वह टीम से जुड़ जाएंगे। न्यूजीलैंड भारत के दौरे पर दो टेस्ट और तीन टी-20 की सीरीज खेलेगी। टी-20 सीरीज 17 नवंबर से और टेस्ट सीरीज 25 नवंबर से शुरू होगी।