भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 26 दिसंबर से बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच की शुरुआत हो रही है। दोनों टीमें दो टेस्ट में आमने-सामने होंगी। पहला टेस्ट सेंचुरियन में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट केप टाउन में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका में कभी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। रोहित शर्मा के नेतृत्व में इस बार भारतीय टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरी है।
टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा। ऋतुराज गायकवाड़ अंगुली में फ्रैक्चर के साथ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए। बीसीसीआई ने अभी तक इसका आधिकारिक एलान नहीं किया है और न ही किसी रिप्लेसमेंट की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋतुराज के रिप्लेसमेंट के तौर पर जिस खिलाड़ी को टीम में लिए जाने की बात चल रही है, उनमें से एक ने इंडिया-ए टीम के लिए पहले कप्तान की है, जबकि दूसरा रणजी ट्रॉफी में खूब रन मार चुका है।
अभिमन्यु ईश्वरन और राहुल द्रविड़
- फोटो : सोशल मीडिया
ऋतुराज वनडे और टी20, दोनों में डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन टेस्ट में उन्होंने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत-ए के पूर्व कप्तान अभिमन्यू ईश्वरन को टीम में शामिल किया जा सकता है। ईश्वरन बंगाल की टीम से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उनके पास 88 फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव है और वह पहले भी टीम इंडिया में शामिल हो चुके हैं।
ईश्वरन ने इंडिया-ए की काफी समय तक कप्तानी की है। इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट्स में सरफराज खान के भी टीम में शामिल होने की बात चल रही है। मुंबई के इस बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार प्रदर्शन किया है और रणजी ट्रॉफी में खूब रन बनाए हैं। सरफराज फिलहाल इंडिया-ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका में हैं और भारत की सीनियर टीम के साथ इंट्रा स्क्वॉड प्रैक्टिस मैच खेल रहे हैं। उन्होंने प्रैक्टिस मैच में शतक भी जड़ा है।
सरफराज खान
- फोटो : सोशल मीडिया
विश्व कप फाइनल में हार के बाद से आराम पर गए रोहित शर्मा टीम इंडिया में वापस लौट चुके हैं और दो टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे। इसके अलावा विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर और रविचंद्रन अश्विन भी एक्शन में नजर आएंगे। विश्व कप फाइनल के बाद इन्हें आराम दिया गया था।
भारत की टेस्ट टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), केएल राहुल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), प्रसिद्ध कृष्णा।
दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), डेविड बेडिंघम, नांद्रे बर्गर, गेराल्ड कोएट्जी, टोनी डी जोर्जी, डीन एल्गर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, लुंगी एनगिडी, कीगन पीटरसन, कगिसो रबाडा, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेन।