प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) को अगले दोनों मैच जीतने जरूरी है।
बंगलोर टीम ने मंगलवार को आईपीएल 6 के अपने 15वें मुकाबले में पंजाब किंग्स इलेवन के खिलाफ मुकाबले में दो टोटके भी अपनाए हैं।
हमेशा लाल रंग की जर्सी पहन कर मैदान में उतरने वाली बंगलोर की टीम आज हरी रंग की जर्सी पहनकर मैदान में उतरी है। हालांकि वह ऐसा हर साल करते रहे हैं। पिछले साल भी कुछ मैचों में उनकी टीम ने हरी रंग की जर्सी पहना था।
आज का मैच जीतने के लिए बंगलोर ने सबसे अहम टोटका अपनाया है अपने विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल पर। गेल उनके मैच जीताऊ बल्लेबाज रहे हैं।
उन्होंने कई बार अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मैच का रुख पलटने का कारनामा कर दिखाया है। इसी टूर्नामेंट में उन्होंने विश्व रिकॉर्ड रचते हुए नाबाद 175 रनों की पारी खेली थी।
लेकिन पिछले कुछ मैचों से उनका बल्ला अपने पुराने अंदाज में नहीं दिख रहा है और टीम को हार का मुंह भी देखना पड़ा। इसलिए टीम प्रबंधन ने गेल की जर्सी का नंबर ही बदल दिया।
गेल अब तक 333 नंबर वाली जर्सी पहनकर मैदान में उतरते थे लेकिन आज के निर्णायक मुकाबले में उन्होंने 175 नंबर की जर्सी पहनी है।
यह वही नंबर है जिसे उन्होंने 23 अप्रैल को पुणे वारियर्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान 20 ओवरों के अंदर बनाया था। उन्होंने उस अविजित पारी में 66 गेंदों में 13 चौके के अलावा रिकार्ड 17 छक्के जड़े थे।
आज जबकि बेंगलोर टीम निर्णायक मोड़ पर खड़ी है और उसे अपने प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए अपने दोनों मैच हर हाल में जीतने है ऐसे में देखना होगा कि गेल जैसे आतिशी बल्लेबाज की जर्सी का नंबर बदलना कितना लकी साबित होता है।