टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री आगामी टी-20 विश्व कप के खत्म होते ही अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। दरअसल, इस टूर्नामेंट के बाद उनका कार्यकाल भी समाप्त हो जाएगा और वह अपने कॉन्ट्रैक्ट को रिन्यू नहीं करना चाहते हैं। इस बात की जानकारी बीसीसीआई के सूत्रों ने दी है। बता दें कि टी-20 विश्व कप के बाद रवि शास्त्री का भारतीय टीम के कोच के तौर पर कार्यकाल खत्म हो जाएगा और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह इसे आगे बढ़ाने के इच्छुक नहीं हैं, ऐसे में राहुल द्रविड़ के कोच बनने को लेकर भी कई अटकलें लगाई जा रही हैं।
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, रवि शास्त्री पहले ही बीसीसीआई अधिकारियों को इस बात की जानकारी दे चुके हैं कि कॉन्ट्रैक्ट समाप्त होने के बाद वह पद से इस्तीफा दे देंगे। कहा ये भी जा रहा है कि शास्त्री के सहायकों का कॉन्ट्रैक्ट भी रिन्यू नहीं किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्य कोच रवि शास्त्री, गेंदबाजी कोच भरत अरुण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर आइसीसी टी-20 विश्व कप के बाद सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर इस पद पर बने रह सकते हैं, क्योंकि उन्होंने अगस्त 2019 में इस जिम्मेदारी को संभाला था।