फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy: हिमांशु का दोहरा शतक, हरियाणा ने मणिपुर को दो दिन के अंदर पारी से हराया

Sat, 20 Jan 2024 11:12 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हरियाणा ने दूसरे दिन सुबह दो विकेट पर 391 रन से आगे खेलते हुए अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 508 रन बनाकर घोषित की। इसके जवाब में मणिपुर की टीम पहली पारी में केवल 77 रन पर आउट हो गई। 
विज्ञापन
रणजी ट्रॉफी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा ने खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करते हुए मणिपुर को शनिवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप-ए के मैच में दूसरे दिन ही पारी और 338 रन से करारी शिकस्त दी। हरियाणा की तरफ से मैन ऑफ द मैच हिमांशु राणा ने नाबाद दोहरा शतक जड़ते हुए 250 रन बनाए जबकि निशांत ने 119 रन का योगदान दिया। हरियाणा ने दूसरे दिन सुबह दो विकेट पर 391 रन से आगे खेलते हुए अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 508 रन बनाकर घोषित की।
विज्ञापन


इसके जवाब में मणिपुर की टीम पहली पारी में केवल 77 रन पर आउट हो गई। हरियाणा की तरफ से राहुल तेवतिया और जयंत यादव ने तीन-तीन विकेट लिए। मणिपुर की तरफ से प्रियोजीत सिंह ने सर्वाधिक नाबाद 24 रन बनाए। मणिपुर के बल्लेबाज दूसरी पारी में भी नहीं चल पाए उसकी टीम 93 रन बनाकर सिमट गई। हरियाणा के राहुल तेवतिया ने दूसरी पारी मे भी तीन विकेट लिए।

झारखंड के विराट और कुशाग्र के शतक
दिल्ली में खेले जा रहे ग्रुप ए के मैच में झारखंड ने विराट सिंह (108) और कुमार कुशाग्र (132) के शतकों के बावजूद सेना के खिलाफ अपनी पहली पारी में 316 रन बनाए। झारखंड ने सुबह अपनी पहली चार विकेट पर 195 रन से आगे बढ़ाई तथा इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 171 रन की साझेदारी की। सेना की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने चार विकेट लिए। सेना ने इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में दो विकेट पर 128 रन बनाए थे। रवि चौहान 59 रन बनाकर खेल रहे हैं।
विज्ञापन


विदर्भ की हालत खराब
नागपुर में सौराष्ट्र ने विदर्भ को पहली पारी में केवल 78 रन पर आउट कर दिया। विदर्भ की तरफ से जितेश शर्मा ने सर्वाधिक 28 रन बनाए जबकि सौराष्ट्र के लिए चिराग जानी ने चार विकेट लिए। पहली पारी में 128 रन की बढ़त हासिल करने वाले सौराष्ट्र ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 205 रन बनाए जिससे उसकी कुल बढ़त 333 रन की हो गई है। उसकी तरफ से केविन जीवराजानी (57) और विश्वराजसिंह जडेजा (79) ने अर्थशतक जमाए।

महाराष्ट्र पर राजस्थान को बढ़त
जोधपुर में खेले जा रहे ग्रुप ए के मैच में राजस्थान ने महाराष्ट्र के खिलाफ पहली पारी में 270 रन बनाकर 81 रन की बढ़त हासिल की। राजस्थान ने सुबह दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसकी तरफ से करण लांबा (53), कप्तान दीपक हुडा (63) और शुभम शर्मा (53) ने अर्धशतक लगाए। महाराष्ट्र की तरफ से अक्षय पालकर ने पांच और हितेश वालुंज ने चार विकेट लिए। पहली पारी में 189 रन बनाने वाले महाराष्ट्र ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 66 रन बनाए थे और वह राजस्थान से अभी 15 रन पीछे है।

दिल्ली को मध्यप्रदेश पर बढ़त
दिल्ली के बल्लेबाज फिर से अनुकूल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे और मध्य प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के मैच के दूसरे दिन शनिवार को यहां अपनी पहली पारी में 205 रन बनाकर 34 रन की मामूली बढ़त ही हासिल कर पाए। दिल्ली ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 86 रन से की लेकिन उसकी पूरी टीम 67.5 ओवर में आउट हो गई लेकिन इस बीच वह मध्य प्रदेश के 171 रन के स्कोर को पीछे छोड़ने में सफल रही। लेकिन अभी दो दिन का खेल बचा है और ऐसे में पहली पारी की बढ़त बहुत मायने नहीं रखेगी।

मध्य प्रदेश ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 157 रन बनाए हैं और इस तरह से उसकी कुल बढ़त 123 रन की हो गई है। उसकी तरफ से कप्तान शुभम शर्मा ने 79 रन बनाए। दिल्ली की तरफ से हिमांशु चौहान और दिविज मेहरा ने दो-दो विकेट लिए हैं। इससे पहले दिल्ली के कप्तान हिम्मत सिंह (25), यश ढुल (47) और आयुष बडोनी (41) अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। मध्य प्रदेश की तरफ से तेज गेंदबाज आर्यन पांडे ने तीन और अनुभव अग्रवाल ने दो विकेट लिए।

उत्तराखंड 123 पर सिमटा
देहरादून में खेले जा रहे ग्रुप डी के मैच में गौरव यादव ने अच्छी फॉर्म जारी रखते हुए 6 विकेट लिए जिससे पुडुचेरी ने उत्तराखंड को 123 रन पर आउट कर दिया। उत्तराखंड की तरफ से आदित्य तारे ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। पहली पारी में 204 रन बनाकर 81 रन की बढ़त हासिल करने वाले पुडुचेरी में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 70 रन बनाए हैं और उसकी कुल बढ़त 151 रन की हो गई है।

बडौदा ने बनाया विशाल स्कोर
बडौदा ने धर्मशाला में खेले जा रहे मैच में शाश्वत रावत (207) और शिवालिक शर्मा (188) के बीच पांचवें विकेट के लिए 345 रन की साझेदारी की मदद से हिमाचल प्रदेश के खिलाफ अपनी पहली पारी में 482 रन बनाए। हिमाचल की टीम इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आठ विकेट पर 143 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी।

कटक में जम्मू कश्मीर ने ओडिशा के खिलाफ जीत की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। जम्मू कश्मीर ने पहली पारी में 50 रन की बढ़त हासिल करने के बाद ओडिशा की दूसरी पारी में 126 रन के अंदर 7 विकेट निकाल दिए हैं। ओडिशा को इस तरह से अभी केवल 76 रन की बढ़त हासिल हुई है और उसके केवल तीन विकेट बचे हुए हैं। जम्मू कश्मीर ने अपनी पहली पारी में 180 रन बनाए थे जिसके जवाब में ओडिशा की टीम 130 रन पर आउट हो गई।

तमिलनाडु ने नारायण जगदीशन की नाबाद 248 रन की पारी की बदौलत रणजी ट्राफी ग्रुप सी मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 489 रन का विशाल स्कोर बनाकर स्टंप तक रेलवे के 126 रन तक दो विकेट झटक लिये। पांच विकेट पर 286 रन से आगे खेलने उतरे तमिलनाडु के लिए जगदीशन ने कल के अपने स्कोर में 45 रन और जोड़कर प्रथम श्रेणी में अपना दोहरा शतक पूरा किया।

जगदीशन को दूसरे छोर पर अच्छा साथ नहीं मिला जिससे उन्होंने 45 रन और जोड़े। लेकिन दूसरे छोर पर खिलाड़ियों के आउट होने से तमिलनाडु की पारी खत्म हो गयी। रेलवे के लिए आकाश पांडे ने तीन विकेट झटके। स्टंप तक रेलवे के लिए प्रथम सिंह 76 रन बनाकर खेल रहे हैं। रेलवे ने सलामी बल्लेबाज शिवम चौधरी (16) और विवेक सिंह (11) को सस्ते में गंवा दिया।

मैसूर में गोवा को पहली पारी में 321 रन पर समेटने के बाद कर्नाटक ने मयंक अग्रवाल (114) और देवदत्त पडीक्कल (101) के शतकों से स्टंप तक चार विकेट पर 251 रन बना लिये। गोवा ने सुबह आठ विकेट पर 228 रन से खेलना शुरू किया और अर्जुन तेंदुलकर (53 रन) आउट होने वाले अंतिम खिलाड़ी रहे। टीम के लिए स्नेहल कौथांकर (83) उनके शीर्ष स्कोरर रहे। विजयकुमार विशाक, एम वेंकटेश और रोहित कुमार को तीन तीन विकेट मिले।

चंडीगढ़ में गुजरात ने चंडीगढ़ के खिलाफ दूसरे दिन स्टंप तक दो विकेट गंवाकर 86 रन बना लिये। खराब रोशनी के कारण इस मैच में पहले दिन का खेल नहीं हो सका था। मेजबान टीम ने क्षेत्ररक्षण का फैसला किया और गुजरात के 19 रन पर दो विकेट झटक लिये। जगजीत सिंह ने सलामी बल्लेबाज प्रियांक पंचाल (05) और उर्विल पटेल (14) दोनों को आउट किया। मोहाली में ग्रुप सी के एक अन्य मैच में त्रिपुरा ने स्टंप तक पंजाब के 78 रन तक सात विकेट झटक लिये। पहले दिन का खेल खराब रोशनी के कारण नहीं हो पाया था। पंजाब के लिए सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (21) और नेहाल वढेरा (33) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।

त्रिपुरा के लिए मनिशंकर मुरासिंह और राणा दत्ता ने दो दो विकेट झटके। मध्यम गति के गेंदबाज मोहित अवस्थी ने सात विकेट झटककर अकेले ही केरल के बल्लेबाजी लाइन अप को झकझोर दिया जिससे मुंबई ने शनिवार को यहां रणजी ट्राफी ग्रुप बी मैच के दूसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

मुंबई की 251 रन की पहली पारी के जवाब में घरेलू टीम अवस्थी (57 रन देकर सात विकेट) की सटीक और अनुशासित गेंदबाजी के सामने 244 रन पर सिमट गयी। पहली पारी में सात रन की मामूली बढ़त लेने के बाद मुंबई ने दूसरी पारी में मजबूत शुरूआत की और स्टंप तक बिना विकेट गंवाये 105 रन बना लिये जिसके उसकी कुल बढ़त 112 रन की हो गयी। सलामी बल्लेबाज जय बिस्टा 59 और भूपेन लालवानी 41 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। इससे पहले केरल की पारी में सचिन बेबी 65 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। कप्तान संजू सैमसन (38) भी सस्ते में आउट हो गये।

कोलकाता में ग्रुप के एक अन्य मैच में युवा बल्लेबाज अभिषेक पोरेल के प्रथम श्रेण के पहले शतक की बदौलत मेजबान बंगाल ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ आठ विकेट गंवाकर 381 रन बना लिये। इस 21 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज ने 219 गेंद में 14 चौके और एक छक्के से 114 रन बनाये। पोरेल ने अनुभवी बल्लेबाज अनुस्तुप मजूमदार (71 रन) के साथ मिलकर 120 रन की भागीदारी निभायी। चार विकेट पर 206 रन के स्कोर से खेलने उतरी बंगाल के लिए इन दोनों ने अपने अर्धशतक पूरे किये लेकिन छत्तीसगढ़ ने मजूमदार को आउट कर दोनों के बीच भागीदारी समाप्त की। सूरज सिंह संधू 33 और करण लाल 24 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। शुभम चटर्जी ने निचले क्रम में 21 रन का योगदान देकर बंगाल को 400 रन के करीब पहुंचाया।

डिब्रूगढ़ में ललित मोहन और मनीष गोलामारू के तीन तीन विकेट से आंध्र ने असम को 60.1 ओवर में 160 रन पर समेट दिया जबकि टीम ने दिन की शुरूआत बिना विकेट गंवाये 43 रन से की थी। स्टंप तक आंध्र ने एक विकेट गंवाकर 147 रन बना लिये थे और उसकी कुल बढ़त 175 रन की हो गयी। कप्तान रिकी भुई (52 रन) और हनुमा विहारी (48 रन) दूसरे विकेट के लिए 100 रन की नाबाद साझेदारी करके डटे हुए हैं। मेरठ में बिहार ने शरमन निगरोध के नाबाद 72 रन की बदौलत उत्तर प्रदेश के खिलाफ 48 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 126 रन बना लिये।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें