हरियाणा की टीम ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप मैच में यहां सौराष्ट्र के खिलाफ पहली पारी में 55 रन की बढ़त हासिल की। सौराष्ट्र की टीम पहली पारी में 145 पर सिमट गई थी। जिसके जवाब में हरियाणा 200 रन पर ढेर हो गया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय सौराष्ट्र के दूसरी पारी में छह विकेट पर 148 रन हो गए और टीम की कुल बढ़त 93 रन की हो गई है। प्रेरक मांकड़ 25 और धर्मेंद्रसिंह जडेजा तीन रन बनाकर खेल रहे थे।
भुवनेश्वर ने आठ विकेट लेकर प्रथम श्रेणी में किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप मैच में बंगाल के खिलाफ पहली पारी में 41 रन देकर आठ लेकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले उनका प्रथम श्रेणी में प्रदर्शन 77 रन देकर छह विकेट था। उनकी गेंदबाजी के कारण बंगाल पहली पारी में 188 रन पर सिमट गया। उत्तर प्रदेश पहली पारी में 60 रन पर ढेर हो गया था जिससे बंगाल को पहली पारी में 128 रन की बढ़त हासिल हुई।
मोहम्मद कैफ ने नाबाद 45 रन बनाए जिससे बंगाल की टीम अच्छी बढ़त लेने में कामयाब हुई। बंगाल ने ग्रीन पार्क की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुबह पांच विकेट पर 95 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया। उत्तर प्रदेश की टीम ने स्टंप तक बिना विकेट गंवाए 46 रन बना लिए थे। समर्थ 21 और आर्यन जुयाल 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। उत्तर प्रदेश 82 रन से पीछे है जिससे तीसरा दिन दिलचस्प होने की उम्मीद है। बंगाल ने सुबह तीन विकेट 15 रन में ही गंवा दिए। लेकिन कैफ ने 79 गेंद खेलकर नाबाद 45 रन बनाए और शीर्ष स्कोरर रहे। कैफ ने पारी के दौरान चार चौके और दो छक्के जड़े।
मुंबई ने आंध्र के खिलाफ दबदबा बनाया
ग्रुप के एक अन्य मैच में 41 बार की चैम्पियन मुंबई ने आंध्र के खिलाफ दबदबा बनाया। पहली पारी में 395 रन का स्कोर बनाने के बाद मुंबई के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन दिखाया और स्टंप तक आंध्र के 98 रन पर तीन विकेट झटक लिये। इससे आंध्र की टीम 297 रन से पिछड़ रही है। मुंबई ने निचले क्रम के बल्लेबाज तनुष कोटियान और मोहित अवस्थी की बदौलत छह विकेट पर 281 रन के स्कोर से उबरते हुए पहली पारी में अच्छा स्कोर बनाया। कोटियान ने 54 रन और अवस्थी ने 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
छत्तीसगढ़ ने बिहार पर 103 रन की बढ़त बनाई
पटना में एक अन्य मैच में छत्तीसगढ़ ने स्टंप तक एक विकेट पर 211 रन बनाकर बिहार पर 103 रन की बढ़त बना ली। ऋषभ तिवारी 98 और आशुतोष सिंह 81 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बिहार की टीम पहले दिन पहली पारी में 108 रन पर सिमट गयी थी। गुवाहाटी में केरल ने सचिन बेबी (131) के शतक तथा रोहन कुन्नुमल (83), कृष्णा प्रसाद (80) और रोहन प्रेम (50) के अर्धशतकों से पहली पारी 419 रन पर समाप्त की। इसके बाद उसने स्टंप तक असम के 14 रन तक दो विकेट झटक लिये।
पुडुचेरी के खिलाफ बड़ौदा की कुल बढ़त 191 रन की
बायें हाथ के स्पिनर भार्गव भट्ट के पांच विकेट से बड़ौदा ने शनिवार को यहां रणजी ट्राफी ग्रुप डी मैच के दूसरे दिन पुडुचेरी को पहली पारी में 155 रन पर समेट दिया। भट्ट ने पुडुचेरी के शीर्ष और निचले बल्लेबाजी क्रम को झकझोरा, उन्होंने 22.5 ओवर में 49 रन देकर पांच विकेट चटकाये। महेश पिथिया और निनाद राथवा ने क्रमश: तीन और दो विकेट हासिल किये जिससे पुडुचेरी की पहली पारी 59.5 ओवर में सिमट गयी। आकाश कारगावे 45 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।
बड़ौदा ने पहली पारी में 218 रन बनाये थे लेकिन दूसरी पारी में वह जूझती नजर आयी और स्टंप तक उसने 46 ओवर में 128 रन तक सात विकेट खो दिये थे। बड़ौदा की टीम ने इस तरह 191 रन की कुल बढ़त हासिल की और दूसरी पारी में उसके तीन विकेट बाकी हैं। अभी दो दिन का खेल बचा है तो मैच का नतीजा किसी भी ओर जा सकता है। अनुभवी बायें हाथ के स्पिनर सागर उदेशी फिर पुडुचेरी के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे जिन्होंने 52 रन देकर चार विकेट झटके। उन्होंने बड़ौदा की पहली पारी में भी सात विकेट अपने नमा किये थे। स्टंप तक निनाद राथवा 27 और महेश पिथिया पांच रन बनाकर खेल रहे थे।
ग्रुप डी के एक अन्य मैच में इंदौर में सुभ्रांशु सेनापति 483 गेंद में 277 रन बनाकर अब भी क्रीज पर डटे हैं जिससे ओडिशा ने दूसरे दिन स्टंप तक 169 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 493 रन बना लिये। सेनापति ने शनिवार को 87 रन से पारी शुरू की और इसमें 190 रन जोड़े। उनकी पारी में 19 चौके और 11 छक्के जड़े हैं। हर्षित राठौड़ 60 रन बनाकर उनके साथ डटे हैं। जम्मू में खराब रोशनी के कारण दिल्ली और जम्मू कश्मीर के मैच के दूसरे दिन का खेल भी नहीं हो सका। धर्मशाला में उत्तराखंड के पहली पारी में 238 रन के जवाब में हिमाचल प्रदेश ने सुमित वर्मा के 95 रन से 271 रन बनाकर पहली पारी की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। स्टंप तक उत्तराखंड ने आठ ओवर में एक विकेट गंवाकर 28 रन बना लिये थे।
मयंक अग्रवाल का शतक
कप्तान मयंक अग्रवाल (109 रन) के शतक से कर्नाटक ने शनिवार को यहां रणजी ट्राफी ग्रुप सी मैच के दूसरे दिन गुजरात के खिलाफ 64 रन की बढ़त हासिल की। गुजरात को शुरूआती दिन 263 रन पर समेटने के बाद कर्नाटक ने स्टंप तक पांच विकेट पर 328 रन बना लिये। मनीष पांडे 50 और सुजय सातेरी 24 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों 60 रन की भागीदारी निभा चुके हैं।
कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज समर्थ (60) और मयंक ने 172 रन की भागीदारी निभाकर टीम को शनिवार को अच्छी शुरूआत करायी। मयंक ने 124 गेंद में 17 चौके और एक छक्के से अपना 16वां प्रथम श्रेणी शतक जड़ा। दोनों सलामी बल्लेबाज 172 रन पर आउट हो गये। लेकिन देवदत्त पडीक्कल (42) और निकिन जोस (22) ने 65 रन की भागीदारी निभायी। दोनों 238 रन पर आउट हुए। गुजरात के लिए चिंतन गजा ने दो विकेट झटके।
पोरवोरिम में ग्रुप सी के एक अन्य मैच में सूयश प्रभुदेसाई (197) और दीपराज गांवकर (नाबाद 115 रन) के शतकों ने गोवा को चंडीगढ़ के खिलाफ सात विकेट पर 618 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। गोवा ने तीन विकेट पर 267 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया। प्रभुदेसाई और दर्शन मिसल (46) ने चौथे विकेट के लिए 104 रन जोड़े। चंडीगढ़ में रेलवे ने प्रथम सिंह (60), मोहम्मद सैफ (50), उपेंद्र यादव (58) और सहब युवराज (68) के अर्धशतकों से पंजाब के खिलाफ स्टंप तक पहली पारी में नौ विकेट पर 343 रन बना लिये। पंजाब के लिए सिद्धार्थ कौल ने 80 रन देकर तीन विकेट झटके।
अगरतला में पहले दिन का खेल नहीं हुआ था और दूसरे दिन टॉस में भी देरी हुई जिसके बाद तमिलनाडु ने त्रिपुरा के खिलाफ स्टंप तक एक विकेट पर 122 रन बना लिये। विजय शंकर 50 रन बनाकर खेल रहे हैं। एकमात्र विकेट मनीशंकर मुरासिंह ने झटका।