टीम इंडिया के दिग्गज राहुल द्रविड़ को एक और नई जिम्मेदारी दे दी गई है। ईएसपीएन के मुताबिक द्रविड़ को अब राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी का हेड ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन बनाया गया है और जल्दी ही द्रविड़ बेंगलुरु स्थिति इस अकादमी की जिम्मेदारी संभाल लेंगे।
अकादमी को विश्वस्तरीय और उच्च-प्रशिक्षण वाला केंद्र बनाने को ध्यान में रखकर बीसीसीआई ने इस बड़े पद की जिम्मेदारी के लिए राहुल द्रविड़ को चुना है।
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी का हेड बनाए जाने के बाद द्रविड़ की जिम्मेदारियां अब और बढ़ गई हैं। द्रविड़ इस वक्त इंडिया-ए और इंडिया अंडर-19 टीम के मुख्य कोच भी हैं और उम्मीद है कि वो इसे आगे भी जारी रखेंगे।
द्रविड़ को हालांकि जुलाई में ही अकादमी का पदभार संभालना था लेकिन उसमें देरी हो गई क्योंकि द्रविड़ इंडिया सीमेंट्स के कर्मचारी हैं। इस वजह से बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक ये हितों के टकराव का मामला बन रहा था लेकिन अब कहा जा रहा है कि द्रविड़ ने इंडिया सीमेंट्स से छुट्टी ले ली है।
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में द्रविड़ की जिम्मेदारी होगी महिला-पुरुष क्रिकेटरों को बेहतरीन कोचिंग की व्यवस्था मुहैया कराना, उनकी फिटनेस और खेल को बेहतर बनाने के लिए अधिकारीयों की टीम तैयार करना और खिलाड़ियों को मौजूदा दौर के हिसाब से तैयार करना।