पुणे वारियर्स के कैरेबियाई बल्लेबाज मार्लोन सैमुअल्स ग्रोइन चोट से नहीं उबर पाने के कारण जमैका लौट गए हैं। सैमुअल्स के अब आईपीएल-6 के शेष मैचों में अपनी टीम पुणे की तरफ से खेलने की संभावना नहीं है।
हालांकि सैमुअल्स टीम के साथ बने हुए थे लेकिन उनकी ग्रोइन चोट में सुधार नहीं आया। सैमुअल्स ने टीम प्रबंधन से उन्हें रिलीज करने का आग्रह किया ताकि वह स्वदेश में अपनी मां के पास अस्पताल में रह सकें। सैमुअल्स की मां के घुटने में फ्रैक्चर आ गया है और वह अस्पताल में भर्ती हैं।
वारियर्स के प्रवक्ता ने कहा, ‘ग्रोइन चोट को ठीक होने में समय लग रहा था लेकिन जब उन्हें अपनी मां के घुटने की चोट की खबर लगी तो वह बेचैन हो उठे और उन्होंने स्वदेश लौटने की अनुमति मांगी।’
पुणे वारियर्स ने सैमुअल्स के विकल्प की मांग नहीं की है और यदि सैमुअल्स ठीक हो जाते हैं तो वह टीम में लौट सकते हैं।