पाकिस्तान सुपर लीग में आधे से ज्यादा मैच खेले जा चुके हैं। मोहम्मद रिजवान की मुल्तान सुल्तांस, लाहौर कलंदर्स और पेशावर जल्मी की टीम लगभग सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं, पाकिस्तान के दो धाकड़ ओपनर्स सरफराज अहमद की टीम क्वेटा ग्लैडिएटर्स और बाबर आजम की टीम कराची किंग्स के बीच नॉकआउट में पहुंचने की होड़ है। बाबर की कराची तो लगभग इस दौड़ से बाहर हो चुकी है।
रिजवान और रूसो ने बेहतरीन पारी खेली
शुक्रवार को क्वेटा और मुल्तान के बीच मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुल्तान सुल्तांस ने कप्तान रिजवान की ताबड़तोड़ 54 गेंदों में नाबाद 83 रन और राइली रूसो की 26 गेंदों पर 71 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में तीन विकेट पर 245 रन बनाए।
इसके अलावा शान मसूद ने 38 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली। जवाब में क्वेटा ग्लैडिएटर्स की टीम 15.5 ओवर में 128 रन पर सिमट गई और मुल्तान ने मैच 117 रन से जीत लिया। मसूद और रिजवान जब बल्लेबाजी कर रहे थे, तब एक विचित्र घटना घटी।
विराट की पोस्टर लिए खड़ा था एक फैन
लाइव मैच के दौरान मुल्तान सुल्तांस की पारी के 12वें ओवर में कैमरा दर्शक दीर्घा की ओर घूमा। वहां स्टैंड में एक पाकिस्तानी फैन विराट कोहली की बड़ी पोस्टर लिए हुए नजर आया। इस पर विराट के लिए एक संदेश भी लिखा हुआ था। इस फोटो पर लिखा था- विराट कोहली, मैं आपको पाकिस्तान में शतक लगाते हुए देखना चाहता हूं। इससे पता चलता है कि पाकिस्तान में भी विराट के कई चाहने वाले मौजूद हैं।
विराट ने कभी नहीं किया पाकिस्तान का दौरा
दरअसल, विराट कोहली ने दुनियाभर के मैदानों पर रन जरूर बनाए हैं, लेकिन अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने पाकिस्तान जाकर एक भी मैच नहीं खेला है। 2008 में विराट के डेब्यू के बाद से भारतीय टीम कोई द्विपक्षीय सीरीज के लिए पाकिस्तान नहीं गई है। मुंबई में 2008 आतंकी हमले के बाद से भारत ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। दोनों टीमों के बीच 2007-08 के बाद से कोई टेस्ट सीरीज नहीं खेली गई है। सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट्स के जरिए ही भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आए हैं।
2012 के बाद से नहीं खेली कोई द्विपक्षीय सीरीज
लाइन ऑफ कंट्रोल पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन और फरवरी 2019 में हुए पुलवामा हमले के बाद से यह संबंध और बिगड़ गए थे। भारत और पाकिस्तान ने पिछले नौ साल में एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली है। दोनों के बीच पिछली टी-20 और वनडे सीरीज दिसंबर 2012 में खेली गई थी। टी-20 सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी, वहीं वनडे सीरीज को पाकिस्तान ने 2-1 से जीता था।
2021 टी-20 विश्व कप के दौरान बाबर, विराट और रिजवान
फैन्स विराट को पाकिस्तान में खेलते देखना चाहते हैं
ऐसे में फैन्स विराट को पाकिस्तान में खेलते देखना चाहते हैं। भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान भी पाकिस्तानी फैन्स विराट को काफी सपोर्ट करते हैं। विराट का हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शानदार है। वनडे, टी-20 और टेस्ट को मिलाकर विराट ने पाकिस्तान टीम के खिलाफ 20 मैचों में 56.46 की औसत से 847 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल है।
पिछले दो सालों में विराट के प्रदर्शन में आई गिरावट
हालांकि, पिछले दो सालों में विराट के प्रदर्शन में गिरावट आई है और वह किसी भी फॉर्मेट में एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं। विराट ने पिछला शतक नवंबर 2019 में कोलकाता में लगाया था। इसके बाद से फैन्स को उनके शतक का बेसब्री से इंतजार है। विराट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 455 मैचों में 54.31 की औसत से 23,517 रन बनाए हैं। इसमें 70 शतक और 121 अर्धशतक शामिल है।