नो बॉल को लेकर आईपीएल के इस सत्र में टीमों के परिणामों पर असर पड़ा है। इस टी-20 लीग में नौ ऐसे गेंदबाज भी हैं जिन्होंने आईपीएल में 3000 से अधिक गेंदें फेंकी हैं, लेकिन नोबॉल के मामले में बेहद अनुशासित रहे हैं। पीयूष चावला ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने लीग में 178 मैचों में 3532 गेंदें डालकर केवल दो नो बॉल ही फेंकी हैं। उनके अलावा अश्विन, सुनील नारायण, रविंद्र जडेजा, हरभजन सिंह, युजवेंद्र चहल, ड्वेन ब्रावो, भुवनेश्वर कुमार और अमित मिश्रा भी नो बॉल के मामले में अनुशासित रहे हैं। इन नौ गेंदबाजों ने कुल 31 हजार 509 गेंदें आईपीएल में फेंकी हैं और इस दौरान सभी ने मिलकर सिर्फ 67 नो बॉल ही डाली हैं। इनमें ब्रावो और भुवनेश्वर मध्यमगति के गेंदबाज हैं, जबकि अन्य स्पिन गेंदबाज हैं। आंकड़े शुक्रवार को पंजाब-राजस्थान मैच से पहले के हैं।
अश्विन की सबसे ज्यादा गेंदें
ऑफ स्पिनर अश्विन ने आईपीएल में सबसे ज्यादा 4194 गेंदें फेंकी हैं और इसके लिए उन्होंने 196 मैच खेले हैं। उन्होंने सिर्फ चार नो बॉल फेंकी हैं। इन खिलाड़ियों में स्पिन गेंदबाज रविंद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा मैच खेले हैं। उन्होंने 222 मैच खेलते हुए 3475 गेंदें फेंकी हैं और इस दौरान चार नो बॉल ही डाली हैं।
धोनी ने चेताया था
नो बॉल से परेशान होकर चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने गेंदबाजों को बोला था कि या तो वे नो बॉल डालना कम करें वरना दूसरे कप्तान के अंतर्गत खेलने के लिए तैयार हो जाएं।