आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस की शुरुआत कुछ खास नहीं थी, लेकिन अब यह टीम लय पकड़ चुकी है। 13 मैच में सात जीत के साथ यह टीम प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। अपने आखिरी मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर यह टीम प्लेऑफ के लिए अपना दावा और मजबूत करना चाहेगी। आखिरी मैच में जीत हासिल करने के लिए मुंबई के खिलाड़ी पूरी तैयारी कर रहे हैं। सूर्यकुमार यादव से लेकर अर्जुन तेंदुलकर तक सभी खिलाड़ियों ने मैच से पहले जमकर अभ्यास किया।
ट्रेनिंग के दौरान अर्जुन तेंदुलकर टीम के खिलाड़ियों के साथ पंजा लड़ाते नजर आए। वहीं, विष्णु विनोद और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ियों ने भी जिम में जमकर मेहनत की।
अर्जुन तेंदुलकर को कुछ दिन पहले ही लखनऊ में कुत्ते ने काट लिया था और लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में वह नहीं खेल पाए थे। हालांकि, हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले वह फिट हो गए हैं और ट्रेनिंग में जमकर मेहनक की। अर्जुन ने इसी साल मुंबई के लिए अपना पहला आईपीएल मैच खेला था। उन्होंने अपनी स्विंग और सटीक गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया, लेकिन कई मौकों पर वह महंगे भी साबित हुए।
मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने संतुलित टीम चयन करने के प्रयास में उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया और कई मुकाबलों से वह बेंच पर हैं। ऐसे में हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी उनके खेलने की उम्मीद कम है, लेकिन वह फिट हैं और इस मैच के लिए उपलब्ध हैं।
मुंबई के लिए अर्जुन तेंदुलकर ने चार मैचों में 30.66 की औसत और 9.35 की इकॉनमी रेट से कुल तीन विकेट हासिल किए हैं। अर्जुन को इस सीजन में बल्लेबाजी का ज्यादा मौका नहीं मिला है। वब बल्ले से केवल 13 रन बना पाए हैं।
मुंबई की टीम ने इस सीजन अपने घर में छह मैच खेले हैं और चार में जीत हासिल की है। मुंबई की टीम अपने घर में आखिरी मैच बड़े अंतर से जीतकर रन रेट भी बेहतर करना चाहेगी।