पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) फाइनल से कुछ घंटे पहले पेशावर जाल्मी के बल्लेबाज हैदर अली और तेज गेंदबाज उमैद आसिफ को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर बायो-बबल का उल्लंघन करने का आरोप है। इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा कि यह घटना बुधवार को हुई। टूर्नामेंट के कोविड-19 प्रबंधन पैनल ने फाइनल से घंटों पहले दोनों खिलाड़ियों को निलंबित करने का फैसला किया। बता दें कि आज यानी गुरुवार को पीएसएल 2021 का खिताबी मुकाबला है। मुल्तान सुल्तांस और पेशावर जाल्मी के बीच फाइनल की जंग होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात साढ़े नौ बजे से शुरू होगा।
अली के निलंबन के कारण पीसीबी को मध्यक्रम के इस बल्लेबाज को इंग्लैंड एवं वेस्टइंडीज के दौरों से हटाने को भी बाध्य होना पड़ा। पीसीबी ने बयान में कहा, 'उन्होंने जैविक रूप से सुरक्षित माहौल से बाहर के लोगों से मुलाकात करके स्वास्थ्य और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोपों को स्वीकार किया है और साथ ही वे सामाजिक दूरी का पालन करने में भी नाकाम रहे।' मुल्तान के मध्यक्रम के बल्लेबाज शोएब मकसूद ने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के दौरे के लिए टीम में अली की जगह ली है। मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम ने मुख्य कोच मिसबाह उल हक और कप्तान बाबर आजम से सलाह मशविरे के बाद यह फैसला किया।