पाकिस्तान की क्रिकेट टीम को वीजा और पासपोर्ट नहीं मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पाकिस्तान की सीनियर टीम के डॉक्टर को ऑस्ट्रेलिया का वीजा नहीं मिला है। इस वजह से टीम डॉक्टर के बिना ऑस्ट्रेलिया पहुंची है। वहीं, अंडर-19 टीम के मैनेजर को वीजा नहीं मिलने के कारण संयुक्त अरब अमीरात में अंडर-19 एशिया कप में टीम को मैनेजर के बिना छोड़ दिया गया है।
सोहेल सलीम, जिन्हें ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में सीरीज के लिए पाकिस्तान के आधिकारिक टीम डॉक्टर के रूप में नामित किया गया था, अभी तक टीम के साथ नहीं जुड़े हैं। पीसीबी के एक विश्वसनीय सूत्र ने कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अभी भी डॉ. सलीम के लिए वीजा पाने की कोशिश कर रहा है और जैसे ही वीजा आएगा वह पर्थ में पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया में टीम में शामिल हो जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि इसी तरह पूर्व टेस्ट बल्लेबाज शोएब मुहम्मद, जिन्हें संयुक्त अरब अमीरात में एशिया कप में भाग लेने वाली पाकिस्तान जूनियर टीम का मैनेजर बनाया गया था। वह भी टीम के साथ जाने में असमर्थ हैं। सूत्र ने कहा, "शोएब के पासपोर्ट संबंधी कुछ मुद्दे थे जिन्हें बोर्ड सुलझा रहा है और उम्मीद है कि वह जल्द ही कार्यभार संभालने के लिए यूएई पहुंचेंगे।"
विडंबना यह है कि ऑफ स्पिनर साजिद खान, जो ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तान टीम में अबरार अहमद की जगह लेने वाले हैं, उनको भी वीजा नहीं मिला है। इस वजह से वह भी अब तक टीम के साथ नहीं जुड़ पाए हैं। सूत्र ने स्वीकार किया कि किसी भी दौरे के लिए अधिकारियों का नाम दल में तय करने से पहले बोर्ड को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे अपनी टीमों के साथ तय समय पर रवाना होंगे।
ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तान को तीन टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है। वहीं, अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान का सामना भारत से है।