इग्लैंड के पूर्व कप्तान पॉल कॉलिंगवुड को भारत एवं इंग्लैंड के बीच पांचवें तथा आखिरी वनडे के लिये तूफानी और बर्फानी धर्मशाला जाने के नाम पर पसीने छूट रहे हैं। सर्दियों के चरम पर हिमाचल के इस कस्बे में मैच आयोजित करने के निर्णय पर सवाल खडे़ किए जा रहे हैं। इस समय इस इलाके में भारी हिमपात होता है। अभी पिछले सप्ताह ही यहां हिमपात हुआ था।
इस बात पर भी सवाल खडे़ किये जा रहे हैं कि शून्य से नीचे वाले तापमान में मैच आयोजित करना उचित भी रहेगा अथवा नहीं। ईएसपीएन स्टार स्पोर्टस के टेलीविजन विशेषज्ञ के तौर पर यहां आए हुए कालिंगवुड ने अपने ट्वीट में लिखा है कि मुझे धर्मशाला जाने के लिए अपने स्नोसूट की आवश्यकता होगी।
छत्तीस वर्षी क्रिकेटर ने मजाक करते हुए आगे कहा कि धर्मशाला जाने से पहले मुझे खरीददारी करनी होगी। पिच पर पड़ी बर्फ को उठाकर उसका विश्लेषण करना चाहेगा। उल्लेखनीय है कि समुद्र की सतह से 1500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एचपीसीए स्टेडियम रविवार को अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित करने जा रहा है।