पाकिस्तान क्रिकेट टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे और फाइनल मैच से पहले जोरदार झटका लगा है। स्टार खिलाड़ी शादाब खान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे और आखिरी मैच में अंगूठे की चोट की वजह से नहीं खेल पाएंगे। इसकी जानकारी खुद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दी। इसके अलावा शादाब जिम्बाब्वे दौरे से भी बाहर हो गए हैं.
पाकिस्तान के इस स्टार खिलाड़ी को चोट से उबरने में करीब चार सप्ताह का वक्त लगेगा। शादाब को ये चोट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में खेल गए दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान लगी। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्ता को 17 रनों से हराकर सीरीज में 1-1 से बराबर की।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि मैच के बाद शादाब का एक्सरे कराया गया जिसमें उनके अंगूठे में इंट्राआर्टिकुलर कम्यूनिकेटेड फ्रैक्चर पाया गया है। बोर्ड ने आगे कहा कि इस चोट से उबरने के लिए शादाब को चार सप्ताह का वक्त लगेगा।
पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज का तीसरा और फाइनल मुकाबला 7 अप्रैल को सेंचुरियन में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों देशों के बीच 4 टी-20 मैचों की सीरीज का आयोजन होगा। फिर पाकिस्तान की टीम जिम्बाब्वे दौरे पर जाएगी जहां दोनों देशों को बीच 21 अप्रैल से टेस्ट सीरीज की शुरूआत होगी।
शादाब खान पाकिस्तान के अहम क्रिकेटर हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान को पहला वनडे जिताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। इस मैच में उन्होंने कसी गेंदबाजी करने के अलावा 30 गेंदों पर 33 रन बनाए थे।