दक्षिण अफ्रीका दौरे पर मिल रही करारी हार के चलते पाकिस्तानी टीम के सीनियरों पर गाज गिराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। पाक के पूर्व कप्तान मोइन खान ने कहा कि अब समय आ गया है कि टीम में बड़े बदलाव किए जाएं।
मोइन ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में पाकिस्तानी टीम ने टेस्ट और वनडे दोनों में बेहद खराब प्रदर्शन किया है। खास कर टीम के सीनियर खिलाड़ियों ने काफी निराश किया है। ऐसे में टीम में बड़ा बदलाव जरूरी है।
मोइन खान ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों ने कई वर्षों तक पाकिस्तान क्रिकेट की अच्छी सेवा की है, लेकिन मुझे लगता है कि अब दक्षिण अफ्रीका के दौरे के बाद क्रिकेट बोर्ड के लिए कुछ कड़े फैसले लेने का समय आ गया है।
इससे पहले पूर्व कप्तान वसीम अकरम भी पाकिस्तानी टीम में बदलाव की मांग कर चुके हैं।
मालूम हो कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पाकिस्तानी टीम को पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-1 से हार मिली है। इसमें से पाकिस्तान को दो मैचों में पारी से हार का सामना करना पड़ा।
पांच मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान को दो में हार मिल चुकी है, जबकि दो मैच अभी खेला जाना बाकी है।
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पाक टेस्ट टीम के कप्तान मिस्बाह उल हक, यूनुस खान, मोहम्मद हफीज, उमर गुल आदि सीनियर खिला़ड़ियों का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा है।
वनडे और टी20 टीम में शामिल किए गए शाहिद अफरीदी ने भी गेंदबाजी मोर्चे पर टीम को निराश किया है।