पाकिस्तान के बल्लेबाज फखर जमां को टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम का समर्थन करना भारी पड़ गया है। पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच से बाबर को बाहर कर दिया था। फखर ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर रविवार को एक पोस्ट डाली थी जिसमें उन्होंने बाबर को बाहर करने के फैसले पर सवाल खड़े किए थे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) इस बात से काफी नाराज था, लेकिन बोर्ड ने अब फखर को खिलाड़ियों की आचार संहिता के कथित उल्लंघन का हवाला देते हुए फखर को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
कोहली का उदाहरण देते हुए फखर ने साधा था निशाना
फखर ने कोहली का उदाहरण देते हुए चयन समिति के फैसले पर सवाल उठाए थे। फखर ने एक्स पर लिखा था, बाबर आजम को बाहर करने के बारे में सुझाव सुनना चिंताजनक है। भारत ने 2020 और 2023 के बीच अपने कठिन दौर के दौरान विराट कोहली को बाहर नहीं रखा, जब उनका औसत क्रमशः 19.33, 28.21 और 26.50 था। अगर हम अपने प्रमुख बल्लेबाज को, जो पाकिस्तान का अब तक का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है, दरकिनार करने पर विचार कर रहे हैं, तो इससे पूरी टीम में गहरा नकारात्मक संदेश जा सकता है। पैनिक बटन दबाने से बचने का अभी भी समय है, हमें अपने प्रमुख खिलाड़ियों को कमजोर करने के बजाय उनकी सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए।
फखर को 21 अक्तूबर तक देना होगा जवाब
फखर के इस पोस्ट के बाद ही ऐसी खबरें आई थी कि पीसीबी उनके इस हरकत से नाराज है। इसके एक दिन बाद ही बोर्ड ने फखर से इस मामले में जवाब तलब किया है। पीसीबी ने फखर को नोटिस में सूचित किया है कि उन्होंने बोर्ड की नीतियों और चयन की आलोचना करके अपने अनुबंध का उल्लंघन किया है। उन्हें 21 अक्तूबर तक कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए कहा गया है। मालूम हो कि फखर पीसीबी के केंद्रीय अनुबंध में शामिल हैं।
पाकिस्तान को इंग्लैंड से मिली थी करारी हार
पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 556 रन बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद से ही पीसीबी में विरोध के स्वर उठने लगे थे। बाबर चयन समिति के निशाने पर आए क्योंकि वह पिछले कुछ समय से खराब दौर से गुजर रहे हैं। बाबर न केवल टेस्ट में बल्कि वनडे और टी20 में भी खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। बाबर टेस्ट क्रिकेट में अपनी पिछली 18 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बना सके हैं और टी20 विश्व कप 2024 में भी उनका प्रदर्शन खराब रहा था। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में बाबर प्रभाव नहीं छोड़ सके थे और सस्ते में आउट हो गए थे। मुल्तान में सपाट पिच पर भी बाबर बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाए थे।