फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pak vs NZ: बाबर आजम ने टी20 में बनाया रिकॉर्ड, इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान फिंच को पीछे छोड़ा

Mon, 22 Apr 2024 03:36 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, रावलपिंडी

सार

पाकिस्तान ने 20 ओवर में चार विकेट पर 178 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने मार्क चैपमैन के 42 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 87 रन के दम पर 18.2 ओवर में तीन विकेट पर 179 रन बनाकर जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच पांच मैचों की यह सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।
विज्ञापन
बाबर आजम - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान के सीमित ओवरों के कप्तान बाबर आजम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के दौरान इतिहास रच दिया। बाबर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 29 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रनों की पारी खेली। बाबर टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया को अपनी कप्तानी में 2021 में टी20 विश्व कप दिलाने वाले आरोन फिंच को पीछे छोड़ दिया है। 
विज्ञापन

न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को हराया
न्यूजीलैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बाबर और सईम आयूब ने पहले विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। पाकिस्तान ने 20 ओवर में चार विकेट पर 178 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने मार्क चैपमैन के 42 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 87 रन के दम पर 18.2 ओवर में तीन विकेट पर 179 रन बनाकर जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच पांच मैचों की यह सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, जबकि दूसरे मैच में पाकिस्तान ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को लाहौर में खेला जाएगा। 

बाबर आजम ने बनाया रिकॉर्ड
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ भले ही हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम के कप्तान बाबर रिकॉर्ड बनाने में सफल रहे। टी20 प्रारूप में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में बाबर आजम सभी से आगे निकल गए हैं। उन्होंने इस मामले में आरोन फिंच को पीछे छोड़ा, जबकि इस लिस्ट में न्यूजीलैंड के केन विलियमसन, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली भी शामिल हैं। 

टी20 में कप्तान के तौर पर सर्वाधिक रन
खिलाड़ी पारी रन
बाबर आजम 67 2246
आरोन फिंच 76 2236
केन विलियमसन 71 2125
रोहित शर्मा 54 1648
विराट कोहली 46 1570
विज्ञापन

शाहीन अफरीदी की जगह दोबारा मिली थी कमान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हाल ही में शाहीन अफरीदी की जगह एक बार फिर से बाबर आजम को सीमित ओवरों की कमान सौंपी थी। लंबे समय तक पाकिस्तान की कमान संभालने वाले बाबर आजम ने पिछले साल सभी प्रारूपों से टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। पाकिस्तान का पिछले साल भारत में खेले गए वनडे विश्व कप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिस कारण बाबर को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। पीसीबी ने इसके बाद टीम में काफी परिवर्तन किए थे और टेस्ट टीम की कमान शान मसूद को सौंप दी थी। मसूद के नेतृत्व में पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। टी20 की कमान बाबर आजम और वनडे टीम की जिम्मेदारी मोहम्मद रिजवान को दी गई थी। अफरीदी ने सिर्फ एक दौरे पर राष्ट्रीय टीम की कमान संभाली थी और वहां टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद पीसीबी ने बाबर पर ही दोबारा भरोसा जताया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें