टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान का सफर समाप्त हो गया। टीम के निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से अब कप्तान बाबर आजम पर गाज गिर सकती है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अब बड़ी कार्रवाई कर सकता है। आयरलैंड के खिलाफ सोमवार को जीत दर्ज करने के बाद बाबर ने कप्तानी पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि अगर वह कप्तानी छोड़ेंगे तो इसकी जानकारी देंगे।
मार्च में दोबारा सौंपी गई थी कप्तानी
बाबर आजम ने पिछले साल भारत में खेले गए वनडे विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कप्तानी छोड़ दी थी। बाबर की जगह तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था। शाहीन के नेतृत्व में भी पाकिस्तान का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिसके बाद इस मार्च में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बाबर को दोबारा कप्तान नियुक्त किया था।
कप्तानी छोड़ेंगे बाबर?
कप्तानी छोड़ने के फैसले पर बाबर आजम ने बात की। उन्होंने कहा, "जब मैंने कप्तानी छोड़ी थी (पहले), मुझे लगा कि मुझे अब कप्तान नहीं रहना चाहिए और मैंने खुद ही इसकी घोषणा कर दी थी। जब पीसीबी ने इसे वापस किया, तो यह उनका फैसला था। अब हम वापस जाकर इस बारे में चर्चा करेंगे कि यहां क्या हुआ है। अगर मैं फिर से कप्तानी छोड़ता हूं तो मैं सभी को सूचित करूंगा। अभी तक, मैंने इसके बारे में नहीं सोचा है और यह निर्णय पीसीबी को लेना है।"
पाकिस्तान की तीन विकेट से जीत
पाकिस्तान ने रविवार को अपने विदाई मैच में आयरलैंड के खिलाफ तीन विकेट से जीत दर्ज की। टी20 विश्व कप 2024 में यह पाकिस्तान की पहली जीत है। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गेरेथ डेलानी के 31 रन और जोशुआ लिटिल के नाबाद 22 रनों की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन बाबर ने जिम्मेदारी से खेलते हुए 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए जिसके दम पर पाकिस्तान ने सात गेंद शेष रहते सात विकेट पर 111 रन बनाकर जीत दर्ज की।