घरेलू वनडे सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया इस समय अपने पूरे फॉर्म में है। पहला मैच हारने के बाद भारतीय टीम ने जिस तरह वापसी करते हुए 2-1 की बढ़त ली उसके बाद सीरीज जीतने की संभावना बढ़ती दिख रही है।
आंकडों में भारत का रिकॉर्ड इस पिच पर अच्छा नहीं
भारत को सीरीज का चौथा मैच 23 जनवरी को मोहाली में खेलना है। आंकडों की माने तो इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड बेहतर नहीं रहा है। भारत ने इस मैदान पर 20 वनडे खेले हैं जहां उसे सिर्फ 7 में ही जीत मिली है। हालांकि भारत ने अपने अंतिम दो वनडे इस मैदान पर पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ जीते हैं।
टीम इंडिया ने 30 मार्च 2011 को विश्व कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 29 रन से हराया उसके बाद घरेलू सीरीज के दौरान अक्टूबर 2011 में इंग्लैंड को भी 5 विकेट से धूल चटाया है।
तेज गेंदबाजों को मिलेगा फायदा
चौथे वनडे में यहां के ठंडे मौसम का फायदा तेज गेंदबाजो को मिलने की उम्मीद है। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण मौसम में शुष्कता और ठंडक बनी हुई है। हालांकि उम्मीद है कि 23 जनवरी को खेले जाने वाले चौथे वनडे के दौरान मौसम साफ रहेगा लेकिन बारिश की स्थिति से निपटने के लिए भी तैयारियां की गई हैं।
पीसीए अधिकारियों ने कहा कि पारंपरिक तौर पर मोहाली की पिच को तेज गेंदबाजों के लिए फायदेमंद माना जाता है लेकिन पिछले कुछ दिनों में मौसम में आए बदलाव के मद्देनजर तेज गेंदबाजों को पिच पर अधिक उछाल मिलने की उम्मीद है।
भुवनेश्वर और डर्नबाक हो सकते हैं कामयाब
यदि मोहाली की पिच पर तेज गेंदबाजों को फयदा मिलेगा तो भारत के भुवनेश्वर कुमार और इंग्लैंड के स्टीवन फिन तथा जेड डर्नबाक के लिए विकेट उखाड़ने के बेहतर मौके होंगे। गौरतलब है कि मोहाली और पंजाब के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण यहां मौसम में काफी शुष्कता होने के साथ तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है।