वेंकटेश प्रसाद ने ट्विटर पर नुपुर शर्मा का पुतला लटकाने की एक तस्वीर साझा की है। वेंकटेश ने इस तस्वीर की निंदा करते हुए कहा- नुपुर शर्मा के पुतले को कर्नाटक में लटकाया गया। यकीन नहीं होता कि यह 21वीं सदी का भारत है। मैं सबसे अपील करता हूं कि राजनीति को एक तरफ कर दीजिए और अपने बुद्धि का इस्तेमाल कीजिए। यह कुछ ज्यादा हो गया है।
वेंकटेश प्रसाद का यह ट्वीट लोगों के बीच वायरल हो गया है। कुछ लोगों ने कमेंट सेक्शन में उनका समर्थन किया तो कुछ उनका विरोध भी कर रहे हैं। भारत ही नहीं पाकिस्तान के यूजर्स भी वेंकटेश के ट्वीट पर कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने वेंकटेश को ट्रोल करने की भी कोशिश की।
इस दौरान ऐसे ही किसी एक ट्वीट के जवाब में वेंकटेश ने लिखा- कभी भी दो गलत मिलकर एक सही नहीं बन सकते। मैं ऐसे किसी देश को नहीं जानता जहां बहुसंख्यक आबादी बेहद डरी हुई हो। हर किसी को सुरक्षा चाहिए। ब्रेनवॉश को रोकने की जरूरत है ताकि प्रोपेगैंडा का फैलने से रोका जा सके। सहिष्णुता एक तरफ से नहीं, दोनों तरफ से आती है।
वेंकटेश प्रसाद टीम इंडिया के बॉलिंग कोच भी रह चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए 33 टेस्ट और 161 वनडे समेत कुल 194 मैच खेले थे। टेस्ट में वेंकटेश के नाम 96 विकेट और वनडे में 196 विकेट हैं। इस तेज गेंदबाज को पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन के लिए हमेशा याद किया जाता है। उन्होंने 1996 वर्ल्ड कप में आमिर सोहैल को बोल्ड किया था। इस मैच को आज भी फैन्स खूब याद करते हैं।