श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को निलंबित किया गया है। श्रीलंका क्रिकेट ने शुक्रवार को इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि डिकवेला को लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के दौरान डोपिंग रोधी उल्लंघन के आरोपों के बाद निलंबित किया गया। यह कथित घटना हाल में खत्म हुई एलपीएल के दौरान हुई थी जहां उन्होंने गॉल मार्वल्स की कप्तानी की थी।
श्रीलंका क्रिकेट ने बयान में कहा, निलंबन तुरंत प्रभावी है और अगली सूचना तक लागू रहेगा। यह जांच श्रीलंका डोपिंग रोधी एजेंसी (एसएलएडीए) द्वारा लंका प्रीमियर लीग 2024 के दौरान की गई थी जो खेल की अखंडता को बनाए रखने के लिए श्रीलंका क्रिकेट की चल रही प्रतिबद्धता का हिस्सा है। खेल मंत्रालय के सहयोग से और विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी (वाडा) के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्रिकेट प्रतिबंधित पदार्थों के प्रभाव से मुक्त रहे।
पिछले साल मार्च में आखिरी बार खेले थे डिकवेला
बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को पहले भी श्रीलंका क्रिकेट ने उनके खराब अनुशासनात्मक रिकॉर्ड के लिए तलब किया था। यह 31 वर्षीय खिलाड़ी श्रीलंका के लिए आखिरी बार पिछले साल मार्च में खेला था।