सुल्ताना ने खुद पर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को घसीटा। उन्होंने कहा, 'डेली क्रिकेट को दिए इंटरव्यू में कहा, मैं किसी को क्यों मारूंगी? मेरा मतलब है, मैं अपने बल्ले से स्टंप्स पर क्यों मारूंगी? क्या मैं हरमनप्रीत हूं, जो मैं इस तरह स्टंप्स पर मारूंगी? मैं ऐसा क्यों करूंगी? अपने निजी जीवन में, अगर मैं खाना बना रही हूं या कुछ और कर रही हूं, तो मैं अपना बल्ला इधर-उधर पटक सकती हूं, मैं अपने हेलमेट पर भी मार सकती हूं। यह मेरा अपना मामला है।' उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन मैं किसी और के साथ ऐसा क्यों करूंगी? मैं शारीरिक रूप से क्यों उलझूंगी? सिर्फ इसलिए कि कोई ऐसा कहता है? आप अन्य खिलाड़ियों या किसी और से पूछ सकते हैं कि क्या मैंने कभी ऐसा कुछ किया है।'
बांग्लादेश की कप्तान सुल्ताना ने जिस घटना का जिक्र करते हुए हरमनप्रीत कौर पर तंज कसा है, वह भारतीय महिला टीम के बांग्लादेश दौरे की है। दरअसल, तीसरे और आखिरी वनडे में हरमनप्रीत को एलबीडब्ल्यू आउट दिए जाने के बाद, उन्होंने अपना आपा खो दिया था और स्टंप पर मारा था। इसके बाद उनकी अंपायर से बहस भी हो गई थी। जिसके लिए हरमनप्रीत पर दो मैचों का प्रतिबंध भी लगा था।
इससे पहले बांग्लादेश की अनुभवी तेज गेंदबाज जहानारा आलम ने 'कालेर कंठो' को दिए इंटरव्यू में कई चौंकाने वाले दावे किए थे। उन्होंने कहा, 'ये कोई नई बात नहीं है, जोती (निगार का उपनाम और जर्सी पर लिखा नाम) जूनियर खिलाड़ियों को बहुत मारती है। हाल ही में हुए विश्व कप के दौरान कई जूनियर्स ने मुझसे कहा कि अब गलती नहीं करूंगी, वरना फिर थप्पड़ पड़ेगा। कुछ ने तो बताया कि उन्हें कल ही पीटा गया था।' उन्होंने यह भी दावा किया कि दुबई दौरे के दौरान कप्तान निगार ने एक जूनियर खिलाड़ी को कमरे में बुलाकर थप्पड़ मारा था।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने जहानारा के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी करते हुए कहा, 'ये सभी आरोप बेबुनियाद, झूठे और दुर्भावनापूर्ण हैं। जब टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है, उस समय इस तरह के गंभीर आरोप बेहद निराशाजनक हैं।' बोर्ड ने कहा कि वर्तमान महिला टीम का वातावरण पूरी तरह एकजुट और पेशेवर है, और कप्तान निगार सुल्ताना पर लगाए गए किसी भी आरोप का कोई प्रमाण नहीं मिला है। बयान में कहा गया, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक ऐसी खिलाड़ी, जिसका अब बांग्लादेश क्रिकेट से कोई लेना-देना नहीं है, इस तरह के भ्रामक बयान दे रही है।'