फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Irani Cup: सरफराज खान ईरानी कप में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे युवा बल्लेबाज बने, हासिल की ये खास उपलब्धि

Wed, 02 Oct 2024 08:23 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

सरफराज की शानदार पारी के दम पर मुंबई ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक नौ विकेट पर 536 रन बना लिए हैं। सरफराज ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 131 रनों की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने तनुष कोटियान के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 183 रनों की साझेदारी की।
विज्ञापन
दोहरा शतक लगाने के बाद सरफराज खान। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान ने शेष भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की और दोहरा शतक जड़ा। 26 साल 346 दिन की उम्र के सरफराज ईरानी कप में दोहरा शतक जड़ने वाले चौथे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। वह मुंबई के पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने ईरानी कप में यह कारनामा किया है। सफराज के दोहरे शतक से मुंबई ने पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा कर लिया है। 
विज्ञापन

यशस्वी, प्रवीण आमरे और गुंडप्पा विश्वनाथ सरफराज से आगे 
सरफराज इसके साथ ही ईरानी कप में मुंबई की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में रामनाथ पारकर को पीछे छोड़ दिया है जिन्होंने 1972 में 195 रनों की पारी खेली थी। सरफराज प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 15 शतक लगा चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में अपना प्रभाव लगातार छोड़ रहे हैं। सरफराज से आगे उनके टीम के साथी यशस्वी जायसवाल हैं जिन्होंने 21 साल 63 दिन की उम्र में ईरानी कप में दोहरा शतक जड़ा था। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा ईरानी कप में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जड़ने के मामले में प्रवीण आमरे (22 साल 80 दिन) और गुंडप्पा विश्वनाथ (25 साल 255 दिन) जैसे बल्लेबाज शामिल हैं। 

सरफराज ने रहाणे और कोटियान का साथ निभाई साझेदारी 
सरफराज की शानदार पारी के दम पर मुंबई ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक नौ विकेट पर 536 रन बना लिए हैं। स्टंप के समय सरफराज 276 गेंदों पर 25 चौकों और चार छक्कों की मदद से 221 रन और जुनैद खान खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद थे। सरफराज ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 131 रनों की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने तनुष कोटियान के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 183 रनों की साझेदारी की। 

सचिन, द्रविड़, यशस्वी और धवन के क्लब में शामिल हुए सरफराज
अपनी दमदार पारी से सरफराज सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, शिखर धवन और यशस्वी जायसवाल जैसे बल्लेबाज के क्लब में शामिल हो गए हैं जिन्होंने ईरानी कप में दो शतक लगाए हैं। सरफराज घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावित कर रहे हैं और प्रथम श्रेणी में उनके नाम अर्धशतक से ज्यादा शतक हैं। सरफराज ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 14 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि इससे एक ज्यादा शतक जड़े हैं। 
विज्ञापन

दावा मजबूत कर रहे सरफराज 
सरफराज को बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें दोनों ही मैचों में प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी। सरफराज की जगह टीम प्रबंधन ने केएल राहुल को मध्य क्रम के बल्लेबाज के तौर पर मौका दिया था। सरफराज ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था और प्रभावित करने में सफल रहे थे। हालांकि, अब भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है और सरफराज ने इससे पहले ही ईरानी कप में दम दिखाकर अपना दावा मजबूत कर लिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें