महेंद्र सिंह धोनी ने अपने दोस्त को फोन नीचे रखने के लिए कहा क्योंकि वह ट्रिप से जुड़ी हर चीज रिकॉर्ड कर रहा था। हालांकि, धोनी की बात भी रिकॉर्ड हो गई और वीडियो वायरल हो रहा है।
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर हैं। वह अपने पैतृक गांव भी गए थे और पहाड़ों में सर्दियों का मजा ले रहे हैं। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी भी हैं। धोनी की उत्तराखंड ट्रिप से जुड़े कई वीडियो और फोटो सामने आए हैं। इन सभी वीडियो को फैंस ने काफी पसंद किया और सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होते रहे। इससे पता चलता है कि 2019 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले धोनी की लोकप्रियता अभी भी बनी हुई है।
विज्ञापन
अब धोनी का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पहाड़ चढ़ रहे हैं और अपने दोस्तों के बारे में पूछते हैं। इस बीच वह ध्यान देते हैं कि उनका एक दोस्त फोन में सारी चीजें रिकॉर्ड कर रहा है और धोनी मोबाइल नीचे करने की बात कहते हैं। धोनी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
धोनी का दूसरा वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला उनका और साक्षी का स्वागत कर रही है। इसमें धोनी मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि वो तो छू लिया आपने, लेकिन फोटो नहीं लिया और उसके लिए आप दोबारा छुएंगी।
विज्ञापन
धोनी अब आईपीएल 2024 में नजर आ सकते हैं। आईपीएल 2023 में अपनी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स को चैंपियन बनाने के बाद धोनी ने कहा था कि वह फैंस के लिए एक सीजन और खेलना चाहते हैं, लेकिन वह आईपीएल खेलेंगे या नहीं, यह उनकी फिटनेस पर निर्भर करता है। अगर धोनी अगला आईपीएल खेलना चाहते हैं तो उन्हें 26 नवंबर तक ही अपना फैसला सुनाना होगा। क्योंकि, 26 नवंबर को शाम चार बजे सभी टीमों को अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची देनी होगी। ऐसे में अगले 24 घंटे में यह साफ हो जाएगा कि धोनी अगले सीजन में खेलेंगे या नहीं। हालांकि, धोनी की टीम बेन स्टोक्स को रिलीज कर सकती है, जो कि पिछली नीलामी में सबसे मंहेग खिलाड़ियों में से एक थे, लेकिन अधिकतर मुकाबलों में वह बेंच पर ही बैठे रहे।