उमर अब्दुल्ला बोले शमी का समर्थन नहीं कर सकते तो रंगभेद का विरोध व्यर्थ
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया "मोहम्मद शमी उन 11 खिलाड़ियों में से एक थे, जो कल मैच हारे। वो मैदान पर जाने वाले एकमात्र खिलाड़ी नहीं थे। टीम इंडिया आपका रंगेभेद के खिलाफ घुटने टेकना कोई मायने नहीं रखता अगर आप अपने उस साथी के समर्थन में खड़े नहीं हो सकते जिसे सोशल मीडिया पर गंदे तरीके से ट्रोल किया जा रहा है।" इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में कश्मीरी छात्रों के साथ हुए दुर्व्यवहार पर भी दुख जताया।
सहवाग बोले शमी पर अटैक चौकाने वाला
सहवाग ने ट्वीट किया "मोहम्मद शमी पर ऑनलाइन अटैक चौकाने वाला है और हम उनके साथ खड़े हैं। वो एक चैंपियन हैं और कोई भी खिलाड़ी जो भारत की जर्सी पहनता है उसके अंदर ऑनलाइन भीड़ से ज्यादा देशभक्ति होती है। हम आपके साथ हैं शमी। अगले मैच में दिखाओ जलवा।"
ओवैसी ने दिया करारा जवाब
ओवैसी ने कहा "कल के मैच के बाद मोहम्मद शमी को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है। इससे मुस्लिमों के खिलाफ नफरत और घृणा दिखती है। क्रिकेट में या तो आप जीतते हैं या हारते हैं। टीम में 11 खिलाड़ी हैं, लेकिन सिर्फ मुस्लिम खिलाड़ी पर ही निशाना साधा जा रहा है। क्या भाजपा सरकार इसकी निंदा करेगी।"
टी-20 वर्ल्डकप 2021 के अपने पहले मैच में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान ने इस मैच में भारत को 151 रनों पर रोकने के बाद बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य का पीछा कर लिया। पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी और बल्लेबाजी में बाबर-रिजवान की जोड़ी ने कमाल किया। शाहीन अफरीदी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। यह पहला मौका था, जब भारतीय टीम वर्ल्डकप में पाकिस्तान से हारी है। वहीं टी-20 क्रिकेट में भारत दूसरी बार पाकिस्तान से हारा है। इस मैच में सभी भारतीय गेंदबाज बेअसर साबित हुए थे और शमी ने भी 43 रन खर्चे थे।