अगले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान टीम की कप्तानी हासिल करने के वास्ते शाहिद अफरीदी ने कई दांव चले लेकिन उनका सपना पूरा नहीं हुआ।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अफरीदी की योजना पर पानी फेरते हुए चोटिल मिस्बाह उल हक को ही वर्ल्ड कप में टीम का कप्तान बनाए रखने का फैसला ले लिया। मिस्बाह के दूसरे ग्रेड की हैमस्ट्रिंग चोट से परेशान होने के बावजूद के पीसीबी के अध्यक्ष शहरयार खान ने स्पष्ट किया कि वह 2015 वर्ल्ड कप में राष्ट्रीय टीम की कमान संभालेंगे।
शहरयार ने कहा, "अपने करियर में पहली बार मिस्बाह को चोट का सामना करना पड़ रहा है और वह इससे उबरने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मुझे यकीन है कि वह वर्ल्ड कप तक ठीक हो जाएंगे।" यूएई में हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान मिस्बाह की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और इस तरह की आशंका है कि इस चोट से उबरने में छह हफ्ते का समय लग सकता है।