इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने गुरुवार को इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट (ईसीबी) पर तंज कसा है। दरअसल, उन्होंने सोशल मीडिया पर कई इंग्लिश खिलाड़ियों की कथित नस्लीय टिप्पणियों को लेकर अपनी राय रखी है। वॉन ने कहा कि देश के क्रिकेटरों की पुरानी ट्वीट की जांच को रोका जाना चाहिए।
वॉन ने ट्वीट किया, 'मॉर्गन, बटलर और एंडरसन ने जिस समय ट्वीट किया, उस समय कोई भी इनसे आहत नहीं हुआ था, लेकिन हैरानी की बात है कि कुछ वर्षों बाद अब ये ट्वीट आपत्तिजनक कैसे हो गए। बहुत ही हास्यास्पद। इस जांच को रोका जाना चाहिए।' बता दें कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट (ईसीबी) सोशल मीडिया पर अपने कई खिलाड़ियों की कथित नस्लीय टिप्पणियों की जांच कर रहा है।
इंग्लैंड के सफेद गेंद के कप्तान इयोन मॉर्गन और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर की भारतीयों का मजाक उड़ाती कुछ ट्वीट बुधवार को सोशल मीडिया पर छा गयीं जिसके बाद ईसीबी इनकी जांच कर रहा है। ईसीबी ने तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन को 2012-13 में की गई उनकी कुछ आपत्तिजनक ट्वीट के बाद निलंबित कर दिया, जिसके बाद बटलर और मॉर्गन की भारतीयों को 'सर' शब्द का इस्तेमाल कर मजाक करती हुई ट्वीट सोशल मीडिया पर आने लगी।