भारतीय बल्लेबाज मयंक अग्रवाल रणजी में वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मेडिकल टीम की तरफ से उन्हें फिट करार दिया गया। शुक्रवार से वह चेन्नई में तमिलनाडु के खिलाफ होने वाले रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में कर्नाटक की अगुवाई करते नजर आएंगे। हाल ही में त्रिपुरा के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद सूरत रवाना होने के दौरान उन्होंने फ्लाइट में एक तरल पदार्थ पी लिया था।
इसके बाद उन्हें मुंह और गले में जलन की शिकायत हुई जिसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्वास्थ्य खराब होने की वजह से रेलवे के खिलाफ खेले गए मुकाबले का हिस्सा नहीं बन पाए थे। उनकी गैरमौजूदगी में निकिन जोस ने टीम का नेतृत्व किया था और एक विकेट से विरोधी टीम को मात दी थी। हालांकि, अब मेडिकल टेस्ट के बाद अग्रवाल को टीम में शामिल कर लिया गया है।
मयंक अग्रवाल का करियर
32 वर्षीय बल्लेबाज ने भारत के लिए अपने अब तक के करियर में 21 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 4 शतक और 6 अर्धशतक की बदौलत 1488 रन बनाए हैं। वहीं, 5 वनडे मैचों में उन्होंने सिर्फ 86 रन बनाए हैं। अग्रवाल को अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका नहीं मिला है। रणजी ट्रॉफी की अंक तालिका में तमिलनाडु अभी ग्रुप सी में 21 अंकों के साथ शीर्ष पर है। वहीं, कर्नाटक के खाते में भी इतने ही अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के कारण तमिलनाडु पहले स्थान पर बनी है।
तमिलनाडु के खिलाफ कर्नाटक की टीम
मयंक अग्रवाल (कप्तान), निकिन जोस, देवदत्त पडिक्कल, समर्थ आर, मनीष पांडे, शरत श्रीनिवास, अनीश केवी, विशाक विजयकुमार, वासुकी कौशिक, शशिकुमार के, सुजय सातेरी, विदवथ कावेरप्पा, वेंकटेश एम, किशन एस बेदारे, रोहित कुमार एसी और हार्दिक राज।