पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में 95 रनों से मिली जीत के बाद टीम इंडिया को जहां एक ओर बड़ी खुशी हाथ लगी है, वहीं सीरीज में वापसी की योजना बना रही मेजबान इंग्लैंड टीम को तगड़ा झटका लगा है।
27 जुलाई से साउथम्पटन में शुरू होने जा रहे तीसरे टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड को एक नए विकेटकीपर की तलाश करनी होगी क्योंकि उसके नियमित विकेटकीपर मैट प्रायर शेष सीरीज से हट गए हैं।
इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रायर ने भारत के हाथों लॉर्ड्स के मैदान में दूसरे टेस्ट में मिली करारी शिकस्त के बाद खुद ही सीरीज से ही हटने का फैसला कर लिया है।
इंग्लैंड को तलाशना होगा नया विकेटकीपर
मैट प्रायर के हटने से इंग्लैंड को नए विकेटकीपर की तलाश करनी होगी। हालांकि माना जा रहा है कि वनडे विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर रविवार से साउथम्पटन में शुरू होने जा रहे तीसरे टेस्ट में प्रायर की जगह टीम का हिस्सा बन सकते हैं।
32 वर्षीय प्रायर इस समय पूरी तरह फिट नहीं हैं और लगातार चोटों के कारण उनके अंतरराष्ट्रीय करियर और टीम में उनकी जगह को लेकर संशय की स्थिति पहले से ही बनी हुई थी।
प्रायर ने कहा, "मैं अपने खेल और अपनी टीम के साथ न्याय नहीं कर पा रहा हूं जो इस समय मुझे सबसे ज्यादा परेशान कर रहा है। पहले टेस्ट के दौरान मेरे दाहिने हाथ में चोट लग गई थी। अब समय आ गया है जब मुझे इस बारे में निर्णय लेना होगा कि मैं इन परेशानियों के समाधान के लिए कौन सा रास्ता अपनाऊं।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मुझे ऑपरेशन की जरूरत है। मैंने हमेशा कहा है कि जब तक मैं अपना काम कर सकता हूं मैं इस दर्द को सहने के लिए तैयार हूं लेकिन अब यह दर्द उस अवस्था में पहुंच गया है जहां मेरा काम ही प्रभावित हो रहा है।"
संकट में पड़ सकती है इंग्लैंड की टीम
मैट प्रायर ने लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी में 23 और दूसरी पारी में 12 रन बनाए थे। 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ चुकी इंग्लिश टीम के लिए अनुभवी प्रायर की अनुपस्थिति जरूर मुश्किलें पैदा कर सकती हैं।
हालांकि प्रायर ने साफ किया है कि वह अभी अपनी जिम्मेदारियों से भाग नहीं रहे हैं।
लॉर्ड्स में हुए मुकाबले के दौरान बतौर विकेटकीपर प्रायर का प्रदर्शन भी बहुत अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने दोनों पारियों में कई कैच टपकाए थे। साथ ही 20 से ज्यादा रन बाई के रूप में दे डाले।