यूपी में गाजीपुर के भांवरकोल में शेरपुर कला गांव का अविनाश राय न तो कोई जादूगर था और न ही संपेरा। बीएससी मैथ की डिग्री पाया अविनाश अपने घर में अकेले ही रहता था और गांव-गिरांव के गरीब बच्चों को ट्यूशन पढ़ता था। इससे ही उसका जीवन चलता था।
15 वर्ष पूर्व डिस्कवरी चैनल पर दो अंग्रेजों को सांपों को पकड़ता देख उसकी ऐसी मनोदशा बदली कि वह विषधरों पर फिदा हो गया। छोटे डंडे के सहारे वह विषधरों को पकड़ता और अपना एकाकीपन दूर करने के लिए इन्हीं विषधरों से खेलता।
लेकिन सोमवार को उसका यही शौक उसके लिए काल बन गया। जहरीले सांप को पकड़ने के दौरान सर्प ने उसे कई जगह डस लिया जिससे उसकी मौत हो गई।