अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो क्रिकेटरों मोहम्मद नावीद और शैमान अनवर बट्ट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। आईसीसी ने मंगलवार को दोनों खिलाड़ियों पर आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया। दोनों खिलाड़ियों को 2019 टी-20 विश्व कप क्वॉलीफायर के दौरान मैच फिक्सिंग में लिप्त पाया गया था।
यूएई के पूर्व कप्तान नावीद और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज शैमान को आईसीसी के एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल द्वारा आईसीसी एंटी-करप्शन कोड की संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाए जाने के बाद आठ साल के लिए सभी क्रिकेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
प्रतिबंधों को 16 अक्टूबर 2019 से लागू किया जाएगा, जब दोनों खिलाड़ियों को संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप क्वालीफायर 2019 के दौरान मैचों में भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया था।
इन दोनों को इसी टूर्नामेंट के दौरान भ्रष्ट पेशकश के बारे में भ्रष्टाचार निरोधक इकाई को सूचित नहीं करने का दोषी भी पाया गया। इससे पहले भी तेज गेंदबाज नावीद को 2019 में टी-10 लीग के दौरान इसी तरह के उल्लंघन का दोषी पाया गया था।
गौरतलब है कि दोनों संयुक्त अरब अमीरात के सबसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों में से हैं। 41 वर्षीय अनवर एकदिवसीय और टी-20 प्रारूपों में उनके सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं तो वहीं 33 वर्षीय नावेद ने सबसे अधिक विकेट चटकाए हैं और टीम के पूर्व कप्तान भी हैं।
दोनों को आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के विभिन्न अनुच्छेदों के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।