भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मुख्य कोच रहे रवि शास्त्री को लीजेंड्स लीग क्रिकेट का आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस टूर्नांमेंट में वे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। यह एक प्रोफेशनल टूर्नामेंट होगा जिसका आयोजन अगले साल जनवरी में गल्फ में किया जाएगा।
रवि शास्त्री ने जताई खुशी
लीजेंड्स लीग क्रिकेट के कमिश्नर बनाए जाने के बाद रवि शास्त्री ने कहा क्रिकेट से जुड़े रहना बहुत अच्छा लगता है, विशेष रूप से खेल के महापुरूषों के साथ, जो अपने समय में क्रिकेट के चैंपियन रहे हैं। रवि शास्त्री ने हाल ही में राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के हेड कोच के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने आगे कहा कि यह गंभीर क्रिकेट के साथ कुछ मजेदार होने वाला है, इन दिग्गजों के पास साबित करने के लिए कुछ भी नया नहीं है, लेकिन उनकी प्रतिष्ठा दांव पर होगी, देखना दिलचस्प होगा कि वे इसके साथ कैसे न्याय करते हैं। टीम इंडिया के पूर्व कोच के मुताबिक, मैं लीजेंड्स लीग क्रिकेट का हिस्सा बनकर बेहद रोमांचित हूं, यह एक अनूठी पहल है और हम आगे इसका बहुत उज्ज्वल भविष्य देखते हैं।
इन देशों के क्रिकेटर लेंगे भाग
लीजेंड्स लीग क्रिकेट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर हिस्सा लेंगे जो क्रिकेट के अलविदा कह चुके हैं। जबकि दूसरे देशों के क्रिकेटरों को तीन भागों में बांटा जाएगा जो भारत, एशिया और शेष विश्व की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। लीग के सह-संस्थापक और सीईओ रमन रहेजा ने कहा, शास्त्री भारतीय और विश्व क्रिकेट के सच्चे दिग्गज रहे हैं जिन्होंने वर्षों से भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने आगे कहा, हमारे क्रिकेट मामलों का नेतृत्व करने और लीग को सही दिशा में मार्गदर्शन करने के लिए शायद हमारे पास इससे बेहतर व्यक्ति नहीं हो सकता। हम आने वाले रोमांचक दिनों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।