बारिश ने एक बार फिर आईपीएल-8 का मुकाबला धो दिया लेकिन इसका फायदा रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को मिला और प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
आईपीएल-8 का 55वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के लिए बेहद निर्णायक था लेकिन दिल्ली डेयरडेविल्स से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम ने अभी 1.1 ओवर ही खेले थे कि बारिश ने खेल में खलल डाल दिया जिससे आगे का खेल नहीं हो सका और मैच को रद्द कर दिया गया।
मैच के रद्द होने से आरसीबी और दिल्ली को एक-एक अंक मिल गए। इस एक अंक के सहारे आरसीबी के 14 मैचों से 7 जीत के साथ 16 अंक हो गए। उसके 2 मैच बारिश से धुल गए जिससे उसे 1-1 करके 2 अंक मिले।
इसके साथ ही प्लेऑफ में 3 टीमें पहुंच चुकी है। चेन्नई सुपर किंग्स सबसे पहले प्लेऑफ में पहुंची थी जबकि राजस्थान रॉयल्स ने कल कोलकाता को हराकर अंतिम 4 में जगह बनाई।
इससे पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिलने के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बनाए। उसकी ओर से ओपनर क्विंटन डी कॉक ने सबसे ज्यादा 69 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा कप्तान जेपी डुमिनी ने भी अर्धशतकीय पारी खेली और नाबाद 67 रन बनाए। बंगलोर की ओर से हर्शल पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 30 रन देकर 2 विकेट झटके। इसके अलावा यजुवेंद्र चहल ने भी 2 सफलता हासिल की।