साल 2022 क्रिकेट के फैंस के लिए तोहफा लेकर आया है। भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और हरभजन सिंह 20 जनवरी से ओमान में शुरू हो रहे लीजेंड्स लीग क्रिकेट में खेलते दिखेंगे। इस टू्र्नामेंट में वह इंडिया महाराजा टीम की तरफ से खेलेंगे। एलएलसी संन्यास ले चुके क्रिकेटरों की पेशेवर लीग है। इसमें तीन टीमें हिस्सा लेंगी।
तीन टीमें खेलेंगी टूर्नामेंट
इंडिया महाराज के अलावा एशिया और शेष विश्व बाकी की दो टीमें हैं। भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री इस लीग के कमिश्नर होंगे। इस तरह फैंस को नए साल का तोहफा मिला है। सहवाग, भज्जी और युवराज के अलावा इंडिया महाराज में कई और स्टार भारतीय क्रिकेटर्स नजर आएंगे।
ये खिलाड़ी खेलेंगे टूर्नामेंट
इनमें इरफान पठान, यूसुफ पठान, एस बद्रीनाथ, आरपी सिंह, प्रज्ञान ओझा, नमन ओझा, मनप्रीत गोनी, हेमंग बदानी, वेणुगोपाल राव, मुनाफ पटेल, संजय बांगड़, नयन मोंगिया और अमित भंडारी शामिल हैं। संजय हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कोच नियुक्त गए हैं। वहीं, इरफान फिलहाल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में कमेंट्री कर रहे हैं।
एशिया लायंस में श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाड़ी
एशिया लायंस टीम में पाकिस्तान और श्रीलंका के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें शोएब अख्तर, शाहिद अफरीदी, सनथ जयसूर्या, मुथैया मुरलीधरन, कामरान अकमल, चमिंडा वास, रोमेश कालूवितर्णा, तिलकरत्ने दिलशान, अजहर महमूद, उपुल थरंगा, मिसबाह उल हक, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, मोहम्मद यूसुफ और उमर गुल शामिल हैं।
असगर अफगान भी खेलेंगे टूर्नामेंट
इसके अलावा अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान भी एशियाई टीम का हिस्सा होंगे। अभी फिलहाल तीसरी टीम यानी शेष विश्व के खिलाड़ियों का एलान होना बाकी है। जल्द ही इसकी घोषणा भी की जाएगी। इससे पहले यह सभी पूर्व खिलाड़ी रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टी-20 सीजन में नजर आए थे। इस टूर्नामेंट का दूसरा सीजन भी पांच फरवरी से यूएई में खेला जाएगा।