फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pakistan Team: क्या पाकिस्तान टीम में फिर होगा बड़ा बदलाव? PCB ने कर्स्टन और गिलेस्पी को दी ये जिम्मेदारी

Tue, 09 Jul 2024 06:39 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला,लाहौर

सार

पाकिस्तान अमेरिका और वेस्टइंडीज में हुए विश्व कप के ग्रुप चरण में अमेरिका की नई नवेली टीम के अलावा भारत से हारकर सुपर आठ चरण में जगह बनाने में नाकाम रहा था।
विज्ञापन
1 of 5
बाबर आजम और गैरी कर्स्टन - फोटो : PCB
टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने मंगलवार को मुख्य कोच गैरी कर्स्टन और जेसन गिलेस्पी को टीम की किस्मत बदलने के लिए खुली छूट दे दी। सूत्रों के मुताबिक, नकवी पाकिस्तान टीम में खिलाड़ियों के बीच अनबन की खबरों से नाराज हैं और जल्द से जल्द टीम के अंदरूनी मसलों को निपटाना चाहते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
गैरी कर्स्टन और बाबर आजम - फोटो : Cricket South Africa/ICC
पाकिस्तान अमेरिका और वेस्टइंडीज में हुए विश्व कप के ग्रुप चरण में अमेरिका की नई नवेली टीम के अलावा भारत से हारकर सुपर आठ चरण में जगह बनाने में नाकाम रहा था। नकवी ने सीमित ओवरों के प्रारूप के कोच कर्स्टन और टेस्ट टीम के कोच गिलेस्पी से मुलाकात की। इस दौरान कर्स्टन और गिलेस्पी ने राष्ट्रीय टीम के लिए अपनी योजनाएं साझा कीं।
विज्ञापन

3 of 5
गैरी कर्स्टन, बाबर और गिलेस्पी - फोटो : PCB/Social Media
पीसीबी के अनुसार नकवी ने दोनों कोचों से कहा कि उन्हें उन पर पूरा भरोसा है और उन्हें क्रिकेट बोर्ड से पूरा समर्थन मिलेगा। पीसीबी के एक सूत्र ने कहा, 'कर्स्टन ने विश्व कप के आधार पर सफेद गेंद की टीम के बारे में अपनी चिंताओं को स्पष्ट रूप से व्यक्त किया।'

4 of 5
पाकिस्तान टीम - फोटो : PCB Twitter
दोनों मुख्य कोच ने पीसीबी अध्यक्ष से कहा कि वे पाकिस्तान टीम के चयन के लिए आवश्यक फिटनेस स्तर के बारे में स्पष्ट दिशानिर्देश निर्धारित करना चाहते हैं। सूत्र ने कहा, 'नकवी ने उनसे कहा कि उन्हें टीम की किस्मत बदलने के लिए जो भी आवश्यक हो, वह करना चाहिए और कोई भी उन्हें चयन या खिलाड़ियों की फिटनेस पर कोई समझौता करने के लिए नहीं कहेगा।'
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
पाकिस्तान टीम - फोटो : ICC/PCB
कर्स्टन ने लगाई थी लताड़
पाकिस्तान टीम के टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद कर्स्टन ने टीम को जमकर लताड़ लगाई थी। उन्होंने कहा था कि टीम में कोई एकता नहीं है और उन्होंने अपने लंबे कोचिंग करियर में ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी। 2022 टी20 विश्व कप में उपविजेता रही पाकिस्तान की टीम ने हाल के वर्षों में अपना सबसे खराब प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के एक वरिष्ठ पत्रकार ने कर्स्टन के हवाले से कहा, 'पाकिस्तान की टीम में कोई एकता नहीं है। वे इसे एक टीम कहते हैं, लेकिन यह एक टीम नहीं है। खिलाड़ी एक-दूसरे का समर्थन नहीं कर रहे हैं। हर कोई अलग-अलग है। मैंने कई टीमों के साथ काम किया है, लेकिन मैंने ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी।'

कर्स्टन ने खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर पर नाराजगी जताई। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने यह भी कहा कि कौशल स्तर के मामले में टीम बाकी दुनिया की तुलना में काफी पीछे हैं। भारत से पाकिस्तान की हार के बाद कर्स्टन ने कहा कि टीम खराब निर्णय लेने के कारण हारी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें