इससे पहले गौतम गंभीर (55) की उम्दा पारी की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने रविवार को आईपीएल 2018 के दूसरे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के सामने 167 रन का लक्ष्य रखा है। मोहाली के पीसीए स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित दिल्ली डेयरडेविल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए। क्रिस मॉरिस 27 रन बनाकर नाबाद रहे।
किंग्स इलेवन पंजाब द्वारा पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित दिल्ली डेयरडेविल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। दिल्ली की टीम पहले तीन ओवर में कोई बाउंड्री नहीं निकाल सकी। फिर डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी मुजीब उर रहमान ने अपने पहले जबकि पारी के तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर कॉलिन मुनरो (4) को LBW आउट करके मेहमान टीम को जोरदार झटका दिया।
इसके बाद गंभीर ने श्रेयस अय्यर (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। गंभीर ने अक्षर पटेल के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का जमाकर दिल्ली की रनगति बढ़ाई। फिर अय्यर ने भी बाएं हाथ के स्पिनर की धुनाई की, लेकिन वह अक्षर के जाल में उलझ गए और विकेटकीपर राहुल को आसान कैच थमाकर डगआउट लौट गए। जल्द ही मोहित शर्मा ने विजय शंकर (13) को डीप मिडविकेट में अक्षर पटेल के हाथों कैच आउट कराकर दिल्ली को तीसरा झटका दिया।
यहां से गंभीर को ऋषभ पंत (28) का साथ मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए तेजी से 31 रन जोड़े। इस बीच गंभीर ने गंभीर ने 36 गेंदों में 5 चौको और एक छक्के की मदद से अपने आईपीएल करियर का 36वां अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक अर्धशतक जमाने के मामले में गंभीर ने डेविड वॉर्नर की बराबरी की।
अश्विन ने फिर युवा मुजीब पर भरोसा जताया, जो अपने कप्तान के फैसले पर खरे उतरे। मुजीब ने ऋषभ को एंड्रू टाई के हाथों कैच आउट कराकर मेहमान टीम को करारा झटका दिया। गौतम गंभीर (55) एक रन लेने की फिराक में अपना विकेट गंवा बैठे। मुजीब उर रहमान ने सीधा थ्रो जमाकर गंभीर को पवेलियन भेजा। अगले ही ओवर में अश्विन ने राहुल तेवटिया (9) को LBW आउट करके दिल्ली को बैकफुट पर धकेल दिया।
अंतिम दो ओवरों में मॉरिस और क्रिस्चियन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मोहित शर्मा ने पारी की अंतिम गेंद पर डेनियल क्रिस्चियन (13) को बोल्ड किया। पंजाब की तरफ से मोहित शर्मा और मुजीब उर रहमान ने दो-दो विकेट लिए। रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने रविवार को आईपीएल 2018 के दूसरे मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
टीमें
किंग्स इलेवन पंजाब: मयंक अगरवाल, करुण नायर, युवराज सिंह, डेविड मिलर, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रू टाई, मोहित शर्मा, मुजीब उर रहमान।
दिल्ली डेयरडेविल्स: गौतम गंभीर (कप्तान), कॉलिन मुनरो, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, क्रिस मॉरिस, विजय शंकर, डेनियल क्रिस्चियन, अमित मिश्रा, राहुल तेवटिया, ट्रेंट बोल्ट और मोहम्मद शमी।