टी-20 विश्व कप में अब बस एक महीने का वक्त रह गया है। इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) इस टूर्नामेंट को चर्चित बनाने के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यम से फैंस में दिलचस्पी बढ़ाने का काम कर रहा है। बुधवार को आईसीसी ने ट्विटर पर एक पोस्ट किया, जिसमें वेस्टइंडीज के कप्तान और आईपीएल में मुंबई इंडियंस से खेलने वाले कीरोन पोलार्ड उन पांच खिलाड़ियों के बार में बता रहे हैं, जिन्हें वह वर्ल्ड टी-20 कप एकादश में शामिल करना चाहते हैं।
पोलार्ड की लिस्ट में वेस्टइंडीज के तीन और श्रीलंका-भारत के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं। आईसीसी ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है कि यह पांचों खिलाड़ी छोटे फॉर्मेट के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं और इनके पास रिकॉर्ड की भरमार है। टी-20 विश्व कप में भी इनका रिकॉर्ड शानदार रहा है।
आईसीसी द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में पोलार्ड कहते हैं कि क्रिस गेल उनकी पहली पसंद हैं। गेल के पास दो टी-20 विश्व कप ट्रॉफी है और इस फॉर्मेट में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। पोलार्ड कहते हैं कि गेल के नाम 14000 से ज्यादा टी-20 रन और 22 शतक हैं। वह इस फॉर्मेट के नंबर एक खिलाड़ी हैं।
इसके बाद पोलार्ड श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज और यॉर्कर किंग के नाम से प्रसिद्ध लसिथ मलिंगा का नाम लेते हैं। मलिंगा टी-20 फॉर्मेट के महानतम तेज गेंदबाजों में से एक माने जाते हैं। उनके नाम इस छोटे प्रारूप में 390 विकेट हैं। स्पिन डिपार्टमेंट संभालने के लिए पोलार्ड वेस्टइंडीज के सुनील नरेन को चुनते हैं। पोलार्ड ने नरेन का स्पिन का बादशाह भी बताया।
विंडीज कप्तान कहते हैं कि नरेन किसी भी समय गेंदबाजी कर सकते हैं, चाहे वह पावरप्ले (शुरुआती छह ओवर) या डेथ ओवर हो। नरेन को सबमें महारत हासिल है। नरेन ने टी-20 फॉर्मेट में अब तक 419 विकेट चटकाए हैं। विकेटकीपिंग के लिए पोलार्ड भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बेस्ट मानते हैं। अपने चौथे खिलाड़ी के रूप में विंडीज कप्तान ने धोनी का नाम लिया।
पोलार्ड कहते हैं कि एक बल्लेबाज, एक तेज गेंदबाज और एक स्पिनर के बाद मुझे एक विकेटकीपर का ध्यान रखना होगा। मैं इसमें धोनी का ही चयन करूंगा। वह गेम को अच्छे से पढ़ते हैं और शानदार फिनिशर भी हैं। लोअर ऑर्डर में विस्फोटक बल्लेबाजी भी करते हैं। पांचवें खिलाड़ी के रूप में उन्होंने अपना नाम लिया।
पोलार्ड कहते हैं कि पांचवां नंबर मेरा है। अगर यह वर्ल्ड टी-20 XI है तो मेरा रहना बनता है। मुझे खेलना ही होगा और मेरा रिकॉर्ड सब बयां करता है। पोलार्ड के नाम टी-20 में 300 विकेट और 11223 रन हैं। विंडीज कप्तान ने कहा कि यही मेरी टॉप पांच पिक हैं। ड्वेन ब्रावो मेरे अगले ऑप्शन हो सकते हैं, लेकिन मुझे पांच ही खिलाड़ी चुनना था।
कीरोन पोलार्ड के नेतृत्व में वेस्टइंडीज टीम टी-20 विश्व कप में टाइटल डिफेंड करने उतरेगी। विंडीज टीम ने 2016 में हुए टी-20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था।