पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारियों के बीच ऑस्ट्रेलिया के सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में से एक डेविड वॉर्नर इस सीरीज में आखिरी बार राष्ट्रीय टीम के लिए सफेद जर्सी पहनेंगे। वॉर्नर का क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में फॉर्म सर्वश्रेष्ठ नहीं रहा है, लेकिन उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुना गया जो ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार मिचेल जॉनसन को पसंद नहीं आया। जॉनसन ने अपने कॉलम में वॉर्नर पर तीखा हमला बोलते हुए इस तथ्य की आलोचना की कि खराब फॉर्म और 'सैंडपेपर गेट' स्कैंडल में शामिल होने के बावजूद वॉर्नर को विदाई सीरीज खेलने का मौका दिया गया।
जॉनसन ने अपने कॉलम में क्या लिखा?
जॉनसन ने द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन के लिए अपने कॉलम में लिखा- जब हम डेविड वॉर्नर की विदाई सीरीज की तैयारी कर रहे हैं, तो क्या कोई मुझे बता सकता है कि क्यों? संघर्ष कर रहे टेस्ट सलामी बल्लेबाज को संन्यास की तारीख खुद तय करने का मौका क्यों मिला है? और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े स्कैंडल में से एक रहे खिलाड़ी को हीरो जैसी विदाई क्यों मिल रही है और उन्हें क्यों चाहिए?
जॉनसन वॉर्नर को विदाई देने के पक्ष में नहीं
सैंडपेपर गेट स्कैंडल में सिर्फ वॉर्नर को ही फटकार नहीं लगाई गई थी, बल्कि स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दंडित किया था। इस घटना के बाद स्मिथ और वॉर्नर को निलंबन समाप्त होने के बाद भी कप्तानी करने से रोक दिया गया था। हालांकि, जॉनसन अब दिग्गज कहे जाने वाले वॉर्नर को विदाई देने के पक्ष में नहीं हैं।
जॉनसन ने वॉर्नर पर कसा तंज
जॉनसन ने लिखा, 'हालांकि सैंडपेपरगेट में वॉर्नर अकेले नहीं थे। वह उस समय टीम के वरिष्ठ सदस्य थे और ऐसे खिलाड़ी थे जो 'लीडर' या यूं कहें सीनियर के रूप में अपनी शक्ति का उपयोग करना पसंद करते थे। अब जिस तरह से वह बाहर जा रहे हैं, वह उसी अहंकार और हमारे देश के प्रति अनादर से प्रेरित है। वॉर्नर के लिए फैंस क्या लेकर आएंगे? सैंडपेपर भी कम पड़ जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सिर्फ बल्ले या गेंद से आपकी उपलब्धियों के बारे में नहीं है। आपने खुद को कैसे संभाला और आपने खेल को कैसे खेला, यह आपके जाने के बाद लंबे समय तक जीवित रहेगा।
जॉनसन ने कोच मैकडोनाल्ड पर भी निशाना साधा
जॉनसन ने सिर्फ वॉर्नर पर ही नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड पर भी निशाना साधा और कहा कि वॉर्नर के चयन का मतलब यह नहीं है कि उन्होंने योग्यता के आधार पर टीम का चयन किया। ऑस्ट्रेलिया के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने हाल ही में कहा था कि वे मौजूदा प्रदर्शन के आधार पर इन गर्मियों की टेस्ट टीम का चयन करेंगे। जॉनसन ने कहा, 'यह जानना अच्छा होगा कि यह रणनीति कितने समय से चल रही है क्योंकि ऐसा लगता है कि यह वॉर्नर पर पिछले काफी समय से लागू नहीं हुई है।